राष्ट्रवाणी: प्रदीप गुप्ता, कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा में NH-30 की बदहाली देखकर उपमुख्यमंत्री और जिले के विधायक विजय शर्मा का काफिला अचानक रुक गया। सड़क पर जगह-जगह जलभराव, जर्जर हिस्से और वाहनों की लंबी कतार देखकर विजय शर्मा ने खुद मौके पर उतरकर हालात का जायजा लिया।
इसके बाद उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। दरअसल, पिछले दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के चलते नेशनल हाईवे-30 रायपुर-जबलपुर मार्ग पर राहगीरों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। सड़क पर जगह-जगह जर्जर हिस्से और पानी का भराव होने से आवागमन प्रभावित हो रहा है।
साथ ही दुर्घटना की आशंका भी बढ़ गई है। वहीं, हाईवे पर बड़े वाहनों की लंबी कतारें लगने से यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होती नजर आई। इसी दौरान विजय शर्मा इसी मार्ग से गुजर रहे थे।
उन्होंने अपनी गाड़ी रुकवाकर मौके पर सड़क की स्थिति का जायजा लिया और संबंधित विभाग के अधिकारियों को तत्काल मरम्मत और आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

