राष्ट्रवाणी: दूल्हा हो या दुल्हन सबकी बस ये ही है ‘डिमांड’, बदल गया वेडिंग का ट्रेंडदूल्हा हो या दुल्हन सबकी बस ये ही है ‘डिमांड’, अक्टूबर से ऐसा क्या हुआ जो दिल्ली में अचानक से बदल गया वेडिंग का ट्रेंडEdited by:Agency:Last Updated:November 19, 2026, 20:54 ISTDelhi Weddings Pollution: दिल्ली में बिगड़ती हवा के कारण सर्दियों की शादियों में एयर प्यूरीफायर, इनडोर वेन्यू, और ड्रेस से मेल खाते मास्क का चलन बढ़ गया है.दिल्ली में प्रदूषण के चलते बदल रहा है वेडिंग ट्रेंड (प्रतीकात्मक तस्वीर)नई दिल्ली. फूलों की सजावट तैयार है, खाने का मेन्यू तय हो चुका है और शादी के ड्रेस भी तैयार हैं लेकिन दिल्ली में सर्दियों की शादी का मौसम और बिगड़ती वायु गुणवत्ता एक साथ दस्तक दे रहे हैं. ऐसे में परिवारों ने शादी की तैयारियों की सूची में एक और चीज जोड़ दी है और वह है प्रदूषण से बचाव का इंतजाम. लुटियंस दिल्ली के एक पांच सितारा होटल में 15 अक्टूबर से शादी का जश्न पूरे जोर-शोर से चल रहा था. फूलों की सजावट, लजीज पकवान और उत्सव के माहौल के बीच एक परिवार ने अपनी तैयारियों की सूची में एक असामान्य चीज भी शामिल की थी और वह था एयर प्यूरीफायर. ‘विवाह लग्जरी वेडिंग्स’ के मोहसिन खान ने बताया कि कनाडा के वैंकूवर से आई दुल्हन के परिवार ने दिल्ली की खराब वायु गुणवत्ता को लेकर चिंता जताई थी और शादी के आयोजनकर्ताओं से आवासीय परिसर में एयर प्यूरीफायर लगाने की व्यवस्था करने को कहा था. खान ने कहा कि शादी के इस मौसम में इस तरह की मांग अब आयोजकों के लिए असामान्य नहीं रह गई है. हालांकि, केवल आर्थिक रूप से संपन्न परिवार ही एयर प्यूरीफायर का खर्च उठा सकते हैं लेकिन इनडोर समारोह, चेहरे पर मास्क और यहां तक कि शादी के ड्रेस से मेल खाते मास्क भी शादी का हिस्सा बनते जा रहे हैं. वेडिंग प्लानर का क्या है कहना?
नवंबर और दिसंबर शादी के प्रमुख महीने होते हैं. ऐसे में वेडिंग प्लानर और बैंक्वेट हॉल संचालकों का कहना है कि परिवार अब आयोजन स्थल से लेकर खानपान की व्यवस्था और मेहमानों की सुविधा एवं सुरक्षा तक, हर पहलू पर नए सिरे से विचार कर रहे हैं. खान ने कहा कि एयर प्यूरीफायर की ज्यादातर मांग प्रवासी भारतीय (एनआरआई) परिवारों की ओर से आती है।
दूसरे परिवारों में बहुत कम लोग इसकी मांग करते हैं. उन्होंने बताया कि कुछ परिवार खुले ‘लॉन’ के बजाय इनडोर बैंक्वेट हॉल में समारोह आयोजित कर रहे हैं, एयर प्यूरीफायर किराये पर ले रहे हैं और ढके हुए आयोजन स्थलों को प्राथमिकता दे रहे हैं। वहीं, कुछ परिवार शादी के आयोजन के लिए मसूरी, जिम कॉर्बेट, जयपुर और गोवा जैसे अपेक्षाकृत स्वच्छ हवा वाले स्थानों का रुख कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि वेडिंग प्लानर भी अब आयोजन की योजना बनाते समय वायु गुणवत्ता को ध्यान में रख रहे हैं. बैंक्वेट हॉल क्यों होते जा रहे फेवरेट यह बदलाव मध्यमवर्गीय परिवारों में भी देखने को मिल रहा है, जो मेहमानों को प्रदूषित हवा से बचाने के लिए इनडोर आयोजन स्थलों को प्राथमिकता दे रहे हैं. दक्षिण दिल्ली की वेडिंग प्लानर संगीता ने कहा कि बड़े खुले लॉन का खर्च नहीं उठा पाने वाले परिवारों के लिए बैंक्वेट हॉल पसंदीदा विकल्प बन गए हैं. उन्होंने कहा कि वे बड़े खुले लॉन का खर्च नहीं उठा सकते इसलिए बैंक्वेट हॉल उनके लिए सबसे सुरक्षित विकल्प हैं. स्वास्थ्य को लेकर जागरूक कई ग्राहक वहां भी एयर प्यूरीफायर लगाने की मांग कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि पहले सर्दियों में ठंड से बचने के लिए लोग इनडोर समारोह पसंद करते थे लेकिन अब प्रदूषण भी इसकी एक बड़ी वजह बन गया है. खासकर इसलिए क्योंकि शादियों में बच्चे, बुजुर्ग और अलग-अलग स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे लोग शामिल होते हैं. Advertisementपरिवार को क्या हो रही परेशानियां पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन करने वाले परिवारों के लिए परेशानी मुख्य शादी समारोह से पहले ही शुरू हो जाती है. खासकर तब, जब सुबह-सुबह पूजा और अन्य रस्में निभानी होती हैं. संगीता ने बताया कि सुबह के समय घना कोहरा और धुंध ऐसे समारोह आयोजित करने वाले परिवारों के लिए मुश्किलें पैदा कर रहे हैं. कुछ परिवारों को मंदिर जाना पड़ता है या खुले में छोटी पूजा आयोजित करनी होती है।
ऐसा अक्सर निर्धारित समय पर किया जाता है, जिसे बदलना संभव नहीं होता. उन्होंने कहा कि हम सुबह की छोटी पूजाओं के लिए मास्क का एक डिब्बा हमेशा तैयार रखते हैं. इनमें बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हो सकते हैं इसलिए हम सुनिश्चित करना चाहते हैं कि उनके लिए मास्क उपलब्ध हों. उन्होंने बताया कि परिवार अब वायु गुणवत्ता से जुड़े इंतजाम के लिए अलग से बजट भी निर्धारित कर रहे हैं. ड्रेस से मेल खाते मास्क का चलन बढ़ा पश्चिमी दिल्ली के एक वेडिंग प्लानर ने ऐसी दुल्हन का उदाहरण दिया, जिसने शादी के कुछ समारोहों के दौरान अपने ड्रेस से मेल खाता मास्क पहना था. उसने दूल्हे के लिए भी इसी तरह के मास्क का इंतजाम किया था. मेहमान भी अब अपनी ओर से तैयारी करके पहुंच रहे हैं. प्लानर ने बताया कि हाल ही में सुबह आयोजित एक समारोह में करीब आधे मेहमान अपने साथ मास्क लेकर आए थे. हालांकि, इनडोर आयोजन स्थल चुन लेने भर से समस्या खत्म नहीं होती।
शादी के कई काम और गतिविधियां अब भी खुले में होती हैं, भले ही मेहमानों के बैठने की व्यवस्था अंदर की गई हो. ‘वेडिंग डेकोर्स बाय गौर प्लानर्स’ के वित्नेश गौर ने बताया कि कई परिवारों के लिए इनडोर समारोह पसंदीदा विकल्प बन गए हैं. हालांकि, खानपान की व्यवस्था अब भी चिंता का विषय है, क्योंकि भोजन तैयार करने का काम अक्सर बाहर किया जाता है, जबकि उसे बाद में अंदर परोसा जाता है. उन्होंने कहा कि जहां तक संभव हो, भोजन तैयार करने की व्यवस्था भी अंदर ही होनी चाहिए, क्योंकि खानपान से जुड़े कर्मचारी और भोजन तैयार करने वाले स्थान बाहर के प्रदूषण के संपर्क में रहते हैं. बैंक्वेट हॉल संचालकों का कहना है कि बदलती प्राथमिकताओं ने शादी के अलग-अलग आयोजन स्थलों की सीमाओं को भी उजागर किया है. दिल्ली के बैंक्वेट हॉल संचालक विनय मेहरा ने बताया कि शहर में मुख्य रूप से तीन तरह के स्थानों पर शादियां आयोजित की जाती हैं- होटल, बैंक्वेट हॉल और फार्महाउस. उन्होंने कहा कि बैंक्वेट हॉल मुख्य रूप से बंद परिसर होते हैं, जबकि फार्महाउस में बड़े खुले क्षेत्र होते हैं, जिससे वहां वायु गुणवत्ता को नियंत्रित करना विशेष रूप से मुश्किल हो जाता है. मेहरा ने कहा कि फार्महाउस में लोगों की अपेक्षा के मुताबिक वायु गुणवत्ता को नियंत्रित करना व्यावहारिक रूप से लगभग असंभव है. सच कहूं तो अब यह एक आम समस्या बन गई है।
यह ऐसी अकेली समस्या नहीं है, जिसका आसानी से समाधान किया जा सके. उन्होंने बताया कि हालांकि, होटलों में अपेक्षाकृत बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हैं. कई होटलों में पहले से ही वायु गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली लगी हुई है. कुछ होटलों में ऐसे डिस्प्ले बोर्ड भी हैं, जिन पर होटल के अंदर और बाहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) दिखाया जाता है, ताकि मेहमान दोनों के बीच अंतर देख सकें. एयर प्यूरीफायर और ढके हुए आयोजन स्थलों से लेकर सुबह की पूजा के लिए मास्क के डिब्बे तैयार रखने तक, दिल्ली का शादी उद्योग सर्दियों की उस हकीकत के अनुरूप खुद को ढाल रहा है, जिसे अब नजरअंदाज करना मुश्किल होता जा रहा है.About the Authorअरुण बिंजोला वर्तमान में News18 हिंदी में एसोसिएट एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में वह करीब 19 वर्षों से काम कर रहे हैं, जिसमें 13 वर्षों से अधिक समय डिजिटल मीडिया में बी…लेटेस्ट कॉमर्स डील्स, खास डिस्काउंट और बेहतरीन शॉपिंग ऑफर देखने के लिए ✅देखें.Location :Delhi,Delhi,DelhiFirst Published :November 19, 2026, 20:54 ISTऔर पढ़ें

