दुर्ग, 08 जुलाई 2026। लोक शिक्षण संचालनालय, छत्तीसगढ़ ने शिक्षा विभाग में प्रशासनिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। दुर्ग शिक्षा संभाग के प्रभारी संयुक्त संचालक आर.एल. ठाकुर के 30 अप्रैल 2026 को सेवानिवृत्त होने के बाद अब डॉ. के. वेंकट राव को दुर्ग संभाग के संयुक्त संचालक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
जारी आदेश के अनुसार, आर.एल. ठाकुर के सेवानिवृत्त होने के बाद संयुक्त संचालक शिक्षा संभाग रायपुर संजीव श्रीवास्तव को दुर्ग संभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया था। अब नई पदस्थापना होने तक डॉ. के. वेंकट राव, प्रभारी उप संचालक, शिक्षा संभाग दुर्ग, को अस्थायी रूप से संभागीय संयुक्त संचालक, शिक्षा संभाग दुर्ग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा जारी आदेश में डॉ. के. वेंकट राव को छत्तीसगढ़ कोषालय संहिता भाग-1 के सहायक नियम 125 के तहत आगामी आदेश तक आहरण एवं संवितरण (डीडीओ) के अधिकार भी प्रदान किए गए हैं।
यह आदेश 07 जुलाई 2026 से प्रभावी माना जाएगा और दुर्ग संभाग में नियमित संयुक्त संचालक की नियुक्ति होने तक लागू रहेगा।
