दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एकतरफा प्यार में सिरफिरे युवक ने पूरे गांव में दहशत का माहौल बना दिया। आरोपी खुद को डॉन साबित करना चाहता था और लोगों में खौफ पैदा करने के लिए हथियार लहराता रहता था। मामला उतई थाना क्षेत्र के ग्राम उमरपोटी का है। युवक ने लड़की और उसके परिवार को लगातार धमकियां दीं और पीड़िता के भाई से यह तक कहा कि शादी तो वह उसकी बहन से ही करेगा।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 11 सितंबर को शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी राजा उर्फ राहुल पवार (25) अपने नाबालिग साथी के साथ घर के पास गाली-गलौज कर रहा था और चाकू लहराकर जान से मारने की धमकी दे रहा था। दो साल से युवक गांव के लोगों और पीड़िता के परिवार को परेशान कर रहा था। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 1आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने कबूला कि वह गांव का डॉन बनना चाहता था। अपनी दबंगई दिखाने के लिए वह धारदार हथियार लेकर इधर-उधर घूमता और लोगों को डराता था। तलाशी के दौरान उसके पास से कई चाकू, गुप्ती, लोहे की स्टिक और मोबाइल बरामद किए गए। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि हथियार वह खैरागढ़ से लाता था।

गांव के लोगों का कहना है कि आरोपी की हरकतों से वे लंबे समय से परेशान थे। अक्सर वह हथियार दिखाकर धमकाता और डराने की कोशिश करता था। ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अब उन्होंने राहत की सांस ली है और गांव में शांति का माहौल लौट रहा है।

पुलिस ने आरोपी और उसके नाबालिग साथी को न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी को हथियार उपलब्ध कराने वाले लोग कौन हैं। पुलिस ने आरोपी का जुलूस निकालकर उठक-बैठक भी करवाई, ताकि समाज में यह संदेश जाए कि अपराध करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version