राष्ट्रवाणी: प्रतिनिधि, बिलासपुर। बिलासपुर जोनल रेलवे स्टेशन आने वाले यात्रियों और वाहन मालिकों को जल्द ही एक ही परिसर में कई आधुनिक सुविधाएं मिलने वाली हैं। रेलवे प्रशासन स्टेशन की कार पार्किंग को मल्टी-सर्विस सुविधा केंद्र के रूप में विकसित करने की तैयारी कर रहा है। इसके तहत पार्किंग परिसर में इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) के लिए चार्जिंग स्टेशन, कार वाश सेवा शुरू करने की तैयारी चल रही है। इससे यात्रियों को इन सुविधाओं के लिए स्टेशन के बाहर नहीं जाना पड़ेगा और समय की भी बचत होगी। रेल प्रशासन ने इस योजना पर काम शुरू कर दिया है। पार्किंग का संचालन कर रहे ठेकेदार को आवश्यक बुनियादी ढांचा विकसित करने और निर्धारित सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। रेलवे का उद्देश्य स्टेशन परिसर में यात्रियों को अधिक सुविधाजनक और आधुनिक सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि उनकी यात्रा का अनुभव बेहतर हो सके। ईवी वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसे देखते हुए स्टेशन परिसर में चार्जिंग सुविधा उपलब्ध कराना समय की जरूरत है। इससे ट्रेन में लंबी दूरी की यात्रा करने वाले इलेक्ट्रिक वाहन मालिकों को बड़ी राहत मिलेगी। वहीं, कार वॉश की सुविधा मिलने से यात्री यात्रा के दौरान ही अपने वाहन की सफाई भी करा सकेंगे। रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इन सुविधाओं के लिए यात्रियों से कोई अतिरिक्त या मनमाना शुल्क नहीं लिया जाएगा। ईवी चार्जिंग, कार वॉश के लिए वही शुल्क लिया जाएगा, जो स्थानीय बाजार में प्रचलित दरों के अनुरूप होगा। इसके लिए रेलवे का वाणिज्य विभाग जल्द ही बाजार दरों का सर्वे करेगा। सर्वे के आधार पर शुल्क तय किए जाएंगे, ताकि यात्रियों को उचित दर पर गुणवत्तापूर्ण सेवाएं मिल सकें। नई व्यवस्था लागू होने के बाद बिलासपुर रेलवे स्टेशन की पार्किंग केवल वाहन खड़े करने की जगह नहीं रहेगी, बल्कि आधुनिक सुविधाओं से लैस एक सेवा केंद्र के रूप में विकसित होगी। इससे यात्रियों की सुविधा बढ़ने के साथ-साथ स्टेशन परिसर में उपलब्ध सेवाओं का भी विस्तार होगा। नई सुविधाओं की इसी कड़ी में वाहनों के छोटे स्पेयर पार्ट्स उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। छोटी-मोटी तकनीकी जरूरतों के लिए आवश्यक स्पेयर पार्ट्स भी उपलब्ध रहने से वाहन चालकों को तत्काल सहायता मिल सकेगी। रेलवे स्टेशन की पार्किंग में ईवी चार्जिंग, कार वॉश और छोटे स्पेयर पार्ट्स की सुविधा उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए बाजार दरों का सर्वे कराया जाएगा और उसी के अनुरूप शुल्क निर्धारित किए जाएंगे। यात्रियों को स्टेशन परिसर में ही बेहतर और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराना रेलवे की प्राथमिकता है। अनुराग कुमार सिंह, सीनियर डीसीएम, बिलासपुर रेल मंडल।
Trending
- किसानों के लिए अलर्ट: फसल बीमा का लाभ लेने केवल तीन दिन शेष, 31 जुलाई तक कराएं पंजीयन – राष्ट्रवाणी
- गुरु पूर्णिमा पर विशेष संपादकीय : गुरु ही गोविंद हैं – संदीप अखिल – राष्ट्रवाणी
- छत्तीसगढ़ : भारी बारिश से नदी-नाले उफान पर, मुख्यमंत्री साय ने कहा- बाढ़ की स्थिति से निपटने सभी कलेक्टर अलर्ट – राष्ट्रवाणी
- फुनगा के किसान दयाराम सिंह ने अपनाया नैनो डीएपी, आधुनिक खेती की ओर बढ़ाया कदम – राष्ट्रवाणी
- आजादी के 79 वर्षों बाद भिरागांव को मिली पक्की सड़क की सौगात, ग्रामीणों ने विधायक लता उसेण्डी का जताया आभार – राष्ट्रवाणी
- गुरु पूर्णिमा पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं – राष्ट्रवाणी
- कृत्रिम गर्भाधान से बदली प्रेम कुमारी की तकदीर, डेयरी से हर माह ₹25 हजार की आय – राष्ट्रवाणी
- राष्ट्रमंडल खेलों में ज्ञानेश्वरी यादव ने रचा इतिहास, रजत पदक जीतकर बढ़ाया छत्तीसगढ़ का मान – राष्ट्रवाणी

