राष्ट्रवाणी: प्रतिनिधि, बिलासपुर: सीपत एनटीपीसी के ठेका कर्मी को बदमाशों ने सीपत नहर के पास रोककर लूटपाट की। इसी दौरान गांव के कुछ लोग वहां पर आ गए। तब युवक वहां से भाग निकले।
इसके बाद ठेका कर्मी दूसरे रास्ते से अपने घर की ओर जा रहा था। इसी दौरान बदमाशों ने उसे एक बार फिर से घेरकर चाकू से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल ठेका कर्मी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बिहार में रहने वाले इरशाद अली(40) वेल्डर सुपरवाइजर हैं। वे ठेकेदार के अंडर काम करते हैं। सुपरवाइजर ने बताया कि शुक्रवार की शाम वह सब्जी लेने के लिए जांजी बाजार की ओर आए थे।
बाजार से चिकन लेकर वे अपने घर की ओर लौट रहे थे। नहर रोड पर चार बदमाशों ने उन्हें रोककर पूछताछ शुरू कर दी। इसका विरोध करने पर बदमाशों ने उन्हें धमकाते हुए रुपये और मोबाइल मांगे।
तभी साइकिल सवार कुछ लोग वहां पर आ गए। उन्हें देख बदमाश छुपने लगे। ठेकाकर्मी ने साइकिल सवार को रोककर पूरी बात बताई।
तब साइकिल सवार ने बदमाशों को ऐसा करने से मना किया। इसके बाद वे ठेकाकर्मी को अपने साथ लेकर जांजी चौक तक आए। यहां से साइकिल सवार दूसरे रास्ते पर चले गए।
वहीं, ठेका कर्मी दूसरे रास्ते से अपने घर की ओर जाने लगे। सुनसान जगह पर बदमाशों ने उन्हें एक बार फिर से रोक लिया। बदमाशों ने उनसे मोबाइल और रुपये मांगे।
इसका विरोध करने पर एक युवक ने उन्हें पीछे से चाकू मार दिया। इससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। चाकू उनकी पीठ में ही धंस गया।
किसी तरह भागकर वे पास के किराना दुकान के पास पहुंचे। किराना दुकान संचालक ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें सिम्स रेफर कर दिया गया। घायल को सिम्स में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है।

