IND vs NZ: भारतीय बल्लेबाज श्रेयस अय्यर को न्यूजीलैंड के खिलाफ 11 जनवरी से शुरू हो रही तीन वनडे मैचों की सीरीज के लिए फिट घोषित कर दिया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) से मेडिकल क्लियरेंस मिलने के बाद अब वह आगामी वनडे सीरीज में खेलते नजर आएंगे।

चोट से उबरकर वापसी के लिए तैयार अय्यर
31 वर्षीय अय्यर को फिटनेस शर्त के साथ भारतीय टीम में शामिल किया गया था। चयनकर्ता और मेडिकल टीम उनकी लंबे समय से चली आ रही चोट के बाद वापसी को लेकर सतर्क थे और घरेलू क्रिकेट में उनके प्रदर्शन व शरीर की प्रतिक्रिया पर करीबी नजर रखी जा रही थी। अय्यर ने विजय हजारे ट्रॉफी में मुंबई की ओर से खेलते हुए अपनी फिटनेस साबित की। हिमाचल प्रदेश के खिलाफ कप्तानी करते हुए उन्होंने नंबर चार पर बल्लेबाजी की और 53 गेंदों में शानदार 82 रन बनाए। इस पारी के दौरान या उसके बाद उन्हें किसी तरह की शारीरिक परेशानी नहीं हुई, जिससे उनकी मैच फिटनेस को लेकर सभी आशंकाएं दूर हो गईं।

बीसीसीआई ने दिया फिटनेस सर्टिफिकेट
पहले उम्मीद की जा रही थी कि अय्यर 8 जनवरी को पंजाब के खिलाफ मुंबई का अगला मैच खेलने के बाद औपचारिक रूप से फिट घोषित होंगे। लेकिन सीओई के मेडिकल स्टाफ उनकी रिकवरी और फिटनेस से संतुष्ट थे, जिसके चलते उन्हें तय समय से पहले ही क्लियरेंस दे दिया गया।

न्यूजीलैंड सीरीज में बतौर उपकप्तान खेलते नजर आएंगे
श्रेयस अय्यर अक्तूबर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी में खेले गए तीसरे वनडे के दौरान तिल्ली (स्प्लीन) में चोट लगने के कारण बाहर हो गए थे। इस चोट के चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था और वह लगभग तीन महीने तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से दूर रहे। उनकी वापसी के साथ अय्यर एक बार फिर भारतीय टीम के मध्यक्रम में अपनी जगह संभालेंगे और उपकप्तान की भूमिका निभाएंगे। उनकी गैरमौजूदगी में ऋतुराज गायकवाड़ को नंबर चार पर मौका मिला था और उन्होंने रायपुर में अपना पहला वनडे शतक जड़कर प्रभावित किया था। हालांकि, अय्यर की उपलब्धता के बाद गायकवाड़ को टीम से बाहर कर दिया गया।



राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version