राष्ट्रवाणी: न्यूज, खैरागढ़। नगर पालिका खैरागढ़ में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन मद से करीब एक करोड़ 31 लाख रुपये की लागत से खरीदी गई तीन स्काई लिफ्ट मशीनों की गुणवत्ता और खरीदी प्रक्रिया को लेकर सवाल उठे हैं। शिकायत सामने आने के बाद मामले की जांच के लिए समिति गठित की गई है।
अब जांच समिति की रिपोर्ट और प्रशासन के अगले कदम पर निगाहें हैं। मामले के बीच विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन ने अपर कलेक्टर सुरेंद्र ठाकुर से मुलाकात की। उन्होंने उन्हें शिकायत पत्र सौंपकर मांग की कि जांच पूरी होने तक तीनों मशीनों का भुगतान रोक दिया जाए।
मनराखन देवांगन ने शिकायत में कहा कि नगर पालिका ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन मद के तहत तीन स्काई लिफ्ट मशीनें खरीदी हैं। इनकी गुणवत्ता के साथ ही खरीदी प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। चूंकि मामले की जांच के लिए समिति पहले ही बनाई जा चुकी है, इसलिए जांच पूरी होने से पहले संबंधित मशीनों का भुगतान करना उचित नहीं होगा।
शिकायतकर्ता के अनुसार जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मशीनों की खरीदी प्रक्रिया नियमों के मुताबिक हुई है या नहीं। साथ ही मशीनों की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुसार आपूर्ति की वास्तविक स्थिति भी जांच के बाद सामने आएगी। उन्होंने अपर कलेक्टर से जांच पूरी होने तक भुगतान रोकने के लिए जरूरी आदेश जारी करने का आग्रह किया।
साथ ही निष्पक्ष जांच और किसी भी तरह की अनियमितता सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। अब प्रशासनिक जांच में यह स्पष्ट होगा कि तीनों स्काई लिफ्ट मशीनों की खरीदी प्रक्रिया और उनकी गुणवत्ता निर्धारित मापदंडों के अनुरूप है या नहीं। मुलाकात के दौरान शहर अध्यक्ष अरुण भारद्वाज, दीपक देवांगन, शेखर दास, रतन सिंगी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
