राष्ट्रवाणी: प्रतिनिधि, सरगुजा: सरगुजा जिले के बतौली ग्राम पंचायत की महिला सरपंच जगरमती पैकरा (50) की करैत सांप के डंसने से मौत हो गई। गुरुवार रात वह पति विशुन पैकरा के साथ घर के कमरे में जमीन पर सो रही थीं। अस्पताल पहुंचने के बावजूद उन्हें नहीं बचाया जा सका। बताया गया कि गुरुवार रात महिला सरपंच जगरमती पैकरा के घर मेहमान आए हुए थे। मेहमानों के साथ खाना खाने के बाद उन्होंने अपना पलंग सोने के लिए मेहमानों को दे दिया और स्वयं पति विशुन पैकरा के साथ जमीन पर बिस्तर बिछाकर सो गई। रात करीब ढाई बजे अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। बेचैनी के साथ उन्हें उल्टियां होने लगीं। स्वजन को शुरुआत में सर्पदंश का अंदेशा नहीं हुआ और वे पेट में मरोड़ समझकर मालिश करने लगे। इसी दौरान पेट पर सांप के काटने के दो निशान दिखाई दिए। स्वजन ने कमरे में तलाश की तो करैत सांप भी मिल गया। उसे पकड़कर ढंककर सुरक्षित रख दिया गया और जगरमती को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू करते हुए एंटी स्नेक वेनम के 15 डोज दिए, लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ। स्थिति गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर किया गया। स्वजन उन्हें लेकर अंबिकापुर पहुंचे, लेकिन उपचार शुरू होने से पहले ही चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि सर्पदंश का पता चलने तक जहर शरीर में काफी फैल चुका था। शुक्रवार को मेडिकल कालेज अस्पताल अंबिकापुर में पोस्टमॉर्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया। पंचायत में शोक, बेटी कर रही नर्सिंग की पढ़ाई जगरमती पैकरा के निधन की खबर से बतौली में शोक का माहौल है। उनके तीन बच्चे हैं। दो बेटों की शादी हो चुकी है, जबकि बेटी नर्सिंग की पढ़ाई कर रही है। महिला सरपंच के आकस्मिक निधन से पंचायत क्षेत्र में भी शोक की लहर है। समय पर अस्पताल पहुंचने से बच सकती है जान सरगुजा में बारिश के मौसम में सर्पदंश की घटनाएं बढ़ जाती हैं। इनमें करैत के सर्पदंश से होने वाली घटनाएं विशेष रूप से गंभीर होती हैं। करैत रात में जमीन पर सोने वाले लोगों को अक्सर अपना शिकार बनाता है। सर्पदंश के बाद समय पर अस्पताल पहुंचना बेहद जरूरी है। जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा. पीएस मार्को ने बताया कि सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में एंटी स्नेक वेनम की पर्याप्त उपलब्धता है। उन्होंने कहा कि सर्पदंश के बाद मरीज को बिना देरी किए अस्पताल पहुंचाया जाए तो उपचार से जान बचाई जा सकती है। पूर्व मंत्री भगत ने ली स्वास्थ्य व्यवस्था की जानकारी जिला अस्पताल मेंं स्वजन से मुलाकात करते पूर्व मंत्री अमरजीत भगत जगरमती पैकरा के निधन की खबर मिलते ही पूर्व खाद्य मंत्री अमरजीत भगत ने सीएमएचओ से घटना तथा बतौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध सर्पदंश उपचार व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। अमरजीत भगत पोस्टमार्टम स्थल पहुंचे और दिवंगत सरपंच को श्रद्धांजलि अर्पित की। सरपंच के निधन की खबर मिलते ही उपसरपंच हरि गुप्ता, राजेंद्र पैकरा, पूर्व सरपंच हिंदलाल पैकरा सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण भी अस्पताल एवं पोस्टमार्टम स्थल पहुंचे। सभी ने दिवंगत सरपंच को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया।
Trending
- 70s की वो गजल जिसने ली सिंगर और उनके बेटे की जान, लेखक ने कहा था मनहूस, क्यों सबने सुरीली गजल को बोला ‘शापित’? – राष्ट्रवाणी
- ठंडे बस्ते में नहीं गई Maatrubhumi, जल्द होगा Salman Khan का दीदार? रिलीज डेट को लेकर आई बड़ी अपडेट – राष्ट्रवाणी
- बीसीसीएल – भारतीय पीएसयू द्वारा राज्य स्तरीय कानूनी सेवा-सह-सशक्तिकरण शिविर और राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन
- 200 करोड़ की कमाई…दुनियाभर में जय-जयकार, फिर क्यों भारत की तरफ से Oscar में नहीं पहुंच पाई Hanuman Ansh? – राष्ट्रवाणी
- Asha Parekh के पीछे पड़ा था चीन का आशिक, ‘छुरी’ दिखाकर करता था ब्लैकमेल; 1 महीने तक घर के बाहर डाल रखा डेरा – राष्ट्रवाणी
- ठेठ भोजपुरी में Lata Mangeshkar ने गाया था ये ‘चुलबुला’ गाना, 63 साल से दिलों पर राज कर रहा है गीत – राष्ट्रवाणी
- छत्तीसगढ़ में यहां शुरू हुई नाश्ता योजना: स्कूली बच्चों को पोहा-फलीदाना, उपमा, दलिया, चना, खड़ा मूंग और मूंगफली का वितरण – राष्ट्रवाणी
- छत्तीसगढ़ में दरवाजा बना मौत: आत्मानंद स्कूल में एक पट्टी और कील के सहारे टिका क्विंटलों भारी गेट गिरा, मासूम की मौत – राष्ट्रवाणी
