भिलाई नगर। वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन विधानसभा के सभी 37 वार्डों में “शक्ति टीम” गठित करेंगे। उन्होंने कहा कि जब नागरिक अपने आसपास की अनैतिक गतिविधियों पर नजर रखते हैं तो निश्चित रूप से अपराध के अवसर कम हो जाते हैं। अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों में निगरानी में सुधार करने, संपत्ति की देखभाल करने और संभावित अपराधों को रोकने में समय पर पुलिस को सहयोग करने सक्रिय कदम उठाने के लिए समाज में आमजनों को सदैव सजग रहना चाहिए। शक्ति टीम गठन से वार्ड के हर कोने तक चल रही अनैतिक गतिविधियों की सूचना पुलिस तक पहुंचेगी और क्षेत्र के सार्वजनिक स्थलों पर नशाखोरी, अड्डेबाजी जैसी गतिविधियों पर तत्काल एक्शन होगा।

शक्ति टीम की सूचना पर तत्काल एक्शन
विधायक रिकेश सेन ने बताया कि बहुत जल्द‌ हर वार्ड में 25 सक्रिय और समाजसेवी मातृ शक्तियों का चयन कर शक्ति टीम बनाई जाएगी। शक्ति टीम एकसमान गणवेश में क्षेत्र का भ्रमण कर वार्ड के मैदान, चौक चौराहों सहित हर तरफ की गतिविधियों पर नजर रखेंगी। जिन स्थानों पर असामाजिक लोगों की जमघट या अड्डाखोरी दिखाई पड़ेगी इसकी शिकायत संबंधित पुलिस को देंगी। शक्ति टीम की शिकायतों और सूचनाओं को पुलिस गंभीरता से लेते हुए उक्त स्थल पर ऐसी गतिविधियों पर अंकुश लगाएगी।

अड्डाखोरी, नशा गतिविधियों पर अंकुश
शक्ति टीम द्वारा वार्ड में आवश्यक पाइंट पर पुलिस गश्त भी सुनिश्चित की जा सकेगी। सेन ने बताया कि वार्ड के सार्वजनिक स्थलों, खाली मैदान, सामुदायिक भवनों के आस पास शाम होते ही नशा करने वालों द्वारा अड्डा बनाए जाने की शिकायतें आती रही हैं। शक्ति टीम ऐसे स्थलों पर नजर रखेगी। अनैतिक गतिविधियों के लिए चिन्हित स्थानों पर टीम नियमित रूप से पहुंचेगी और पुलिस को भी जानकारी देगी।

हर वार्ड में 25 महिलाओं की टीम
शक्ति टीम सभी 37 वार्ड में गठित होगी और लगभग 925 मातृ शक्तियां अपने अपने वार्ड में पुलिस को संभावित खतरों या अपराधों के बारे में भी जानकारी देंगी ताकि अपराधियों को पकड़ा जा सके और अपराध को रोका भी जा सके।

जनसहयोग क्यों महत्वपूर्ण है…..
एमएलए सेन ने कहा कि इससे पुलिस और जनता के बीच मजबूत संबंध बनेंगे। जनसहयोग से पुलिस पर जनता का विश्वास बढ़ता है और वे तनाव-मुक्त होकर अपना काम कर पाते हैं। शक्ति टीम से वार्ड का हर परिवार जुड़ा रहेगा इससे वार्ड का वातावरण शांत और अपराधमुक्त बनाने की दिशा में सभी मिलकर सहयोगी बन सकेंगे।




राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version