राष्ट्रवाणी (रायपुर ब्यूरो): प्रतिनिधि, अखिल शर्मा, रायपुर। राजधानी में नवजातों की खरीद-फरोख्त के खुलासे के बाद की ग्राउंड पड़ताल में दिवाकर मल्टीस्पेशियलिटी अस्पताल के संचालन में भारी प्रशासनिक लापरवाही सामने आई है। जांच में पता चला कि बसंत विहार के मुख्य गेट से करीब दो किलोमीटर दूर एक संकरी और कच्ची सड़क पर स्थित तीन मंजिला आवासीय मकान में 20 बेड का यह अस्पताल चल रहा था।
यहां नर्सिंग होम एक्ट के बुनियादी नियमों का भी पालन नहीं हो रहा था। आसपास के रहवासियों के मुताबिक, यहां सामान्य मरीजों की आवाजाही न के बराबर थी, केवल चुनिंदा लोगों को गाड़ियों से अंदर लाया जाता था। पड़ताल में सामने आया कि आयुर्वेदिक डॉक्टर खीर सिंधु महानंद ने डॉ. बीआर दिवाकर से यह अस्पताल एक लाख रुपये मासिक किराये पर लिया था।
इससे पहले डॉ. गिरीश गोटिया और योगेश धबाड़े इसका संचालन कर रहे थे, लेकिन समय न दे पाने के कारण उन्होंने काम छोड़ दिया। इसके बाद महानंद ने अस्पताल संभाला, मगर वह पिछले छह-सात महीनों से तय किराया भी नहीं चुका रहा था और कभी 20 हजार तो कभी 50 हजार रुपये ही देता था। इसी मकान की आड़ में नवजातों की सौदेबाजी का नेटवर्क चलाया जा रहा था।
मौके पर अस्पताल के मुख्य गेट पर ताला लटका मिला। इमारत के बाहर लगे बड़े बोर्ड पर मेडिसिन, शिशु रोग, स्त्री रोग, हड्डी रोग, न्यूरो, यूरो, कार्डियो और छाती रोग जैसे बड़े विभागों का नाम लिखा था, लेकिन किसी भी विशेषज्ञ डॉक्टर का नाम दर्ज नहीं था। अस्पताल में न तो पार्किंग की जगह थी और न ही मरीजों व परिजनों के बैठने की व्यवस्था।
पुलिस की अनुशंसा के बाद अब स्वास्थ्य विभाग ने इसका पंजीयन निरस्त कर आगे की कार्रवाई शुरू की है। आवासीय गली में मल्टीस्पेशियलिटी अस्पताल को मंजूरी मिलने पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आइएमए) ने भी सवाल खड़े किए हैं। आइएमए के डॉ. सुरेंद्र शुक्ला के अनुसार, किसी भी अस्पताल को शुरू करने से पहले नगर निगम, अग्निशमन और पर्यावरण विभाग से एनओसी लेना अनिवार्य है।
इसके बाद सीएमएचओ और अंत में कलेक्टर की मंजूरी से नर्सिंग होम एक्ट में पंजीयन होता है। उन्होंने कहा कि इस अस्पताल के बारे में संगठन को जानकारी नहीं थी और यह जांच का विषय है कि मानकों को दरकिनार कर इसे लाइसेंस कैसे जारी हुआ। आइवीएफ सेंटरों से निसंतान दंपतियों का गोपनीय डाटा लीक होने की बात सामने आने के बाद पुलिस अब अस्पतालों और फर्टिलिटी सेंटरों के भीतर सूचनाएं लीक करने वाले इन 10 संभावित स्रोतों की जांच कर रही है- • रिसेप्शनिस्ट और फ्रंट ऑफिस कर्मचारी: पंजीयन के समय दंपती का नाम, मोबाइल नंबर और पता हासिल कर सकते हैं।
• आइवीएफ काउंसलर: काउंसलिंग के दौरान दंपती की आर्थिक स्थिति और उपचार की जानकारी तक सीधी पहुंच रखते हैं। • नर्सिंग स्टाफ: मरीजों की फाइलों और इलाज के रिकॉर्ड तक पहुंच होने से संभावित कड़ी हो सकते हैं। • डाटा एंट्री ऑपरेटर: कंप्यूटर सिस्टम में दर्ज मरीजों के व्यक्तिगत विवरण का दुरुपयोग कर सकते हैं।
• अस्पताल का आइटी विभाग: रोगी प्रबंधन सॉफ्टवेयर और डाटाबेस की तकनीकी पहुंच रखने वाले कर्मचारियों की भूमिका संदिग्ध हो सकती है। • बिलिंग काउंटर कर्मचारी: भुगतान और संपर्क नंबरों के रिकॉर्ड तक आसानी से पहुंच रखते हैं। • कॉल सेंटर और फॉलोअप टीम: इलाज के बाद संपर्क करने वाली टीम के पास दंपतियों का पूरा डाटा मौजूद रहता है।
• डॉक्टरों के निजी सहायक: अपॉइंटमेंट और केस हिस्ट्री की फाइलों तक पहुंच रख सकते हैं। • अस्पताल प्रबंधन के कर्मचारी: विभिन्न विभागों के रिकॉर्ड की जानकारी रखने वाले कर्मियों की भूमिका की जांच संभव है। • बाहरी एजेंट और मेडिकल मार्केटिंग नेटवर्क: अंदरूनी कर्मचारियों से मिलीभगत कर मरीजों का डाटा खरीदने की आशंका है।

