मथुरा. उत्तर प्रदेश में मथुरा जंक्शन पर सोमवार को मृत पाए गए एक वृद्ध भिखारी के सामान से 91 हजार रुपये से अधिक की नकदी मिली है. पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी. पुलिस के अनुसार भिखारी की शिनाख्त का प्रयास जारी है और शव को शिनाख्त की आशा में कानून के मुताबिक 72 घंटे के लिए दावेदार के इंतजार में शवगृह में रखवा दिया गया है.

राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) थाना प्रभारी यादराम सिंह ने बताया कि मथुरा जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या आठ पर एक भिखारी लावारिस अवस्था में मृत पड़ा मिला. कैंटीन पर काम करने वालों का कहना था कि वह लंबे समय से प्लेटफॉर्म पर आने-जाने वाले यात्रियों से भीख मांग कर गुजारा करता था. वह संभवत: कुछ दिन से बीमार चल रहा था, जिसके चलते सोमवार को उसकी मौत हो गई.
उन्होंने बताया कि जब पंचनामा भरने से पूर्व उसके सामान की तलाशी ली गई, तो एक पालीथिन की थैली से 91070 रुपये की नकदी व रेजगारी मिली. उन्होंने बताया कि उसकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं. उसकी फोटो आसपास के जनपदों के थानों व लावारिस लोगों के संबंध में सूचना देने वाली वेबसाइटों पर भेजी गयी है और शव को शवगृह में रखवा दिया गया है.

मामले के जांच अधिकारी उप निरीक्षक शिवपाल सिंह ने बताया कि थैली में नोटों के साथ पंजाब नेशनल बैंक की एक पर्ची मिली है, जिससे उसके खाते की पहचान कर उसका पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं. उसके पास से एक मोबाइल फोन भी मिला है, जिसमें सिम कार्ड नहीं था.

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version