नयी दिल्ली/मॉस्को. रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन बृहस्पतिवार शाम को दो दिन के दौरे पर नयी दिल्ली पहुंचे. इस यात्रा का उद्देश्य लगभग आठ दशक पुरानी भारत-रूस साझेदारी को और मजबूत करना है, एक ऐसी साझेदारी जो जटिल भू-राजनीतिक माहौल के बावजूद स्थिर बनी हुई है. हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रूसी राष्ट्रपति का स्वागत किया. प्रधानमंत्री मोदी शुक्रवार को होने वाली 23वीं भारत-रूस शिखर वार्ता को लेकर बेहतर माहौल बनाने के उद्देश्य से आज शाम पुतिन के लिए एक निजी रात्रिभोज की मेजबानी करेंगे.

दोनों नेताओं के बीच होने वाली वार्ता का मुख्य विषय रक्षा संबंधों को मजबूत करना, भारत-रूस व्यापार को बाहरी दबाव से सुरक्षित रखना और छोटे मॉड्यूलर संयंत्रों में सहयोग की संभावनाओं की तलाश जैसे मुद्दों पर केंद्रित होगा. इस बैठक पर पश्चिमी देशों द्वारा करीबी नजर रखे जाने की संभावना है.

रूसी नेता का नयी दिल्ली का लगभग 27 घंटे का दौरा इसलिए और भी अहम हो गया है क्योंकि यह भारत-अमेरिका संबंधों में तेजी से आ रही गिरावट की पृष्ठभूमि में हो रहा है. बैठक के बाद दोनों पक्षों के बीच व्यापार के क्षेत्रों सहित कई समझौते होने की उम्मीद है.
दोनों नेताओं के बीच बैठक से पहले शुक्रवार सुबह राष्ट्रपति भवन में पुतिन का औपचारिक स्वागत किया जाएगा. बैठक हैदराबाद हाउस में होगी, जहां मोदी राष्ट्रपति पुतिन और उनके प्रतिनिधिमंडल के लिए भोज का आयोजन करेंगे और इस दौरान कई मुद्दों पर चर्चा भी होगी.

मामले से परिचित लोगों के अनुसार, पुतिन सुबह राजघाट भी जाएंगे. बैठक के बाद पुतिन रूसी सरकारी प्रसारक का नया ‘इंडिया चैनल’ भी शुरू करेंगे, जिसके बाद वह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा उनके सम्मान में दिए जाने वाले राजकीय भोज में शामिल होंगे.
रूसी नेता के शुक्रवार रात करीब नौ बजे भारत से रवाना होने की संभावना है.

सीतारमण ने रूस के प्रथम उपप्रधानमंत्री से की मुलाकात, आपसी हित के मुद्दों पर हुई चर्चा

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बृहस्पतिवार को रूस के प्रथम उपप्रधानमंत्री डेनिस मेंटुरोव के नेतृत्व वाले एक प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की जिसमें निवेश, बैंकिंग और वित्त सहित आपसी हित के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई. वित्त मंत्रालय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि भारत और रूस दोनों ने पांच दिसंबर, 2025 को होने वाले आगामी 23वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन से मजबूत परिणामों की उम्मीद जताई है.

मंत्रालय ने कहा कि रूस के प्रथम उपप्रधानमंत्री ने ब्रिक्स समूह की आगामी अध्यक्षता के लिए भारत को मजबूत समर्थन दिया.
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन बृहस्पतिवार शाम को भारत दौरे पर नयी दिल्ली पहुंचे. वह भारत-रूस शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ शिरकत करेंगे.

यूक्रेन से युद्ध समाप्ति को लेकर अमेरिकी प्रस्ताव में कुछ बिंदुओं पर सहमत नहीं हुआ जा सकता: पुतिन

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि यूक्रेन में युद्ध समाप्त करने की अमेरिकी योजना के कुछ प्रस्ताव मॉस्को को अस्वीकार्य हैं. उन्होंने बृहस्पतिवार की टिप्पणियों में संकेत दिया कि किसी भी समझौते पर पहुंचने में अभी काफी समय लगेगा. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस द्वारा यूक्रेन पर लगभग चार साल पहले शुरू किए गए बड़े हमले के बाद से युद्धविराम के लिए अब तक की सबसे बड़ी कूटनीतिक कोशिश शुरू की है. लेकिन यह प्रयास फिर से ऐसी मांगों में उलझ गया है जिनका समाधान मुश्किल है, जिसमें खासतौर पर यह मुद्दे हैं कि क्या यूक्रेन को अपनी जमीन रूस को देनी होगी और भविष्य में मॉस्को की किसी भी आक्रामक कार्रवाई से उसे कैसे सुरक्षित रखा जा सकता है.

ट्रंप प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम उजागर नहीं किए जाने की शर्त पर बताया कि अमेरिकी राष्ट्रपति के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ बृहस्पतिवार को मियामी में यूक्रेन के प्रमुख वार्ताकार रुस्तेम उमेरोव से मुलाकात करेंगे. पुतिन ने कहा कि यूक्रेन से युद्ध समाप्त करने को लेकर अमेरिकी दूतों के साथ उनकी पांच घंटे की वार्ता ‘आवश्यक’ और ‘उपयोगी’ थी, लेकिन यह एक ”कठिन कार्य” था, क्योंकि कुछ प्रस्ताव मॉस्को के लिए अस्वीकार्य थे. पुतिन ने बृहस्पतिवार को नयी दिल्ली की यात्रा से पहले ‘इंडिया टुडे’ टीवी चैनल के साथ बातचीत की. रूसी समाचार एजेंसी ‘तास’ ने पुतिन के हवाले से कहा कि मंगलवार की वार्ता में दोनों पक्षों को अमेरिकी शांति प्रस्ताव के ”प्रत्येक बिंदु पर विचार करना पड़ा, इसी कारण इसमें इतना लंबा समय लगा.”

रूसी राष्ट्रपति ने कहा, ”यह बातचीत बहुत आवश्यक थी और इसमें ठोस चर्चा की गई.” पुतिन ने कहा कि कुछ प्रावधानों पर मॉस्को चर्चा के लिए तैयार था, जबकि अन्य पर ”हम सहमत नहीं हो सकते.” हालांकि, पुतिन ने यह विस्तार से बताने से इनकार कर दिया कि रूस क्या स्वीकार या अस्वीकार कर सकता है.

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version