राष्ट्रवाणी: अजीत पाटकर, कोरिया। जिले के सोनहत क्षेत्र के धनपुर गांव में शनिवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। जहां स्कूल बस की चपेट में आने से दूसरी कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा की मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्कूल बस को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान प्रिंसी के रूप में हुई है।
वह भारत इंग्लिश मीडियम स्कूल में कक्षा दूसरी में पढ़ती थी। शनिवार सुबह वह स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी। इसी दौरान वह स्कूल बस की चपेट में आ गई।
हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही जिला पंचायत सदस्य सुरेश सिंह, वरिष्ठ नेता गुलाब चौधरी और जिला शिक्षा अधिकारी जितेंद्र गुप्ता समेत अन्य लोग मौके पर पहुंचे।
उन्होंने घटना की जानकारी ली। पुलिस ने स्कूल बस को कब्जे में ले लिया है। हादसे के बाद बस चालक संतोष यादव के मौके से फरार होने की जानकारी सामने आई थी।
हालांकि, सोनहत पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब एक घंटे के भीतर उसे थाने ले आई। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। स्कूल बस की सुरक्षा व्यवस्था और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
मासूम छात्रा की मौत के बाद स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखी गई। पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्य सामने आने की उम्मीद है।
