राष्ट्रवाणी (रायपुर ब्यूरो): वाकेश कुमार, , रायपुर। खरीफ सीजन में आए तीसरे चक्रवाती तूफान ने प्रदेश के किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। अर्णव और मुरासु के बाद अब अकवान तूफान से हुई बारिश ने खेतों में तैयार धान की फसल को फिर संकट में डाल दिया है।
कहीं कटी हुई फसल खेतों में भीग रही है, तो कहीं पककर तैयार धान तेज हवा से जमीन पर गिर गया है। बारिश के कारण खेतों में नमी बढ़ने से हार्वेस्टर से कटाई भी प्रभावित होगी, जिसका सीधा असर प्रदेश के करीब 27.50 लाख पंजीकृत किसानों और 31.60 लाख हेक्टेयर रकबे की धान खरीदी पर पड़ना तय माना जा रहा है।
परेशान किसानों के सामने अब फसल बचाने के साथ तय समय में उपज बेचने की बड़ी चुनौती है। किसान संगठनों ने सरकार से धान खरीदी की अवधि फरवरी तक बढ़ाने, प्रभावित किसानों को मुआवजा व बीमा राशि देने और कर्जमाफी की मांग की है। साथ ही धान का रकबा शून्य होने और दूसरी फसल दर्ज होने के कारण टोकन नहीं कटवा पा रहे किसानों की समस्या तत्काल दूर करने की मांग भी उठाई गई है।
आरंग के किसान नेता पारसनाथ साहू ने बताया कि अर्णव तूफान के कारण धान कटाई 15 दिन देरी से शुरू हो पाई थी। अब अकवान के प्रभाव से हुई बारिश से खेत फिर गीले हो गए हैं, जिससे कम से कम एक सप्ताह तक हार्वेस्टर खेतों में नहीं पहुंच पाएंगे। इसके बाद फसल कटाई और धान को सुखाकर मंडी ले जाने लायक बनाने में 15 दिन और लगेंगे।
ऐसे में किसान शासन की निर्धारित 15 जनवरी की अंतिम तिथि तक धान नहीं बेच पाएंगे, इसलिए पूरे फरवरी महीने तक धान खरीदी की जानी चाहिए। वहीं, भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के प्रदेश अध्यक्ष तेजराम विद्रोही ने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को ई-मेल भेजकर प्रभावित किसानों की संपूर्ण कर्जमाफी की मांग की है।
एक महीने के भीतर तीन बार तूफान और बारिश से किसानों की आर्थिक स्थिति बिगड़ गई है और अधिया-रेगहा पर लिए गए कर्ज को चुकाने का संकट खड़ा हो गया है। भारतीय किसान संघ के प्रदेश महामंत्री नवीन शेष ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के क्रियान्वयन पर सवाल उठाते हुए कहा कि किसानों को इसका लाभ सही तरीके से नहीं मिल रहा है और बीमा कंपनियां नुकसान के बाद मुआवजा देने में आनाकानी करती हैं।
उन्होंने कहा कि अकवान तूफान से प्रभावित किसानों को सरकार ने मदद का भरोसा दिया है, लेकिन पहले आए अर्णव और मुरासु तूफान से हुए नुकसान का क्या हुआ, इसकी भी जांच होनी चाहिए। उधर, आरंग में पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया ने भी बेमौसम बारिश से फसल नुकसान और खरीदी केंद्रों की अव्यवस्था को लेकर सरकार पर निशाना साधा।
उन्होंने सभी किसानों का संपूर्ण कर्ज माफ करने, प्रति एकड़ अधिकतम मुआवजा देने और पटवारियों की हड़ताल से उत्पन्न गतिरोध को दूर कर वैकल्पिक व्यवस्था से धान खरीदी सरल बनाने की मांग की है। कृषि मौसम वैज्ञानिक डॉ. जीके दास ने बताया कि बारिश और तेज हवा का सबसे ज्यादा असर उन किसानों पर पड़ेगा, जिन्होंने धान काटकर खेतों में छोड़ दिया है।
तेज हवा से खड़ी फसल गिरने और बारिश से बीज की गुणवत्ता खराब होने की आशंका है। धान में नमी बढ़ने से चावल की गुणवत्ता प्रभावित होगी और मिलिंग के दौरान चावल टूटने की समस्या बढ़ सकती है। डॉ. दास के अनुसार, इसका असर दलहन और तिलहन की फसलों पर भी पड़ सकता है।
मौसम साफ होने के बाद सब्जियों में कीटों का प्रकोप बढ़ने की आशंका रहती है, इसलिए किसान बारिश थमते ही फसलों की निगरानी कर आवश्यक उपचार शुरू कर दें।

