राष्ट्रवाणी: रायपुर। राजधानी में नशे के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हेरोइन (चिट्टा) के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को देखकर आरोपी मौके से भागने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 6.33 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने नगदी, मोबाइल फोन और मोपेड समेत करीब 2 लाख रुपए का मशरूका भी जब्त किया है। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सांई नगर स्थित पॉम रेसीडेंसी खंडहर का है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि यहां कुछ संदिग्ध लोग अवैध मादक पदार्थ हेरोइन (चिट्टा) लेकर मौजूद हैं और उसे बेचने के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहे हैं। सूचना मिलते ही एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और सिविल लाइन थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी।

पुलिस ने मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की। इसी दौरान तीन संदिग्ध पुलिस के संपर्क में आए और टीम को देखकर भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को मौके पर ही पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम आयुष दुबे, अदनान खान और अब्दुल रेहान बताया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 6.33 ग्राम हेरोइन (चिट्टा), 13 हजार रुपए नगद, 4 आईफोन/मोबाइल फोन और मोपेड क्रमांक CG 04 MW 2906 जब्त किया है।

जब्त सामान की कुल कीमत करीब 2 लाख रुपए बताई गई है। तीनों आरोपियों के खिलाफ सिविल लाइन थाने में धारा 21(बी) नारकोटिक एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से हेरोइन की सप्लाई और खरीदारों से जुड़े कनेक्शन को लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों से फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर पूछताछ की जा रही है, ताकि नशे के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संभावित आरोपियों तक पहुंचा जा सके। मामले में एंड-टू-एंड कार्रवाई की जा रही है।

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version