राष्ट्रवाणी (रायपुर ब्यूरो): प्रतिनिधि, रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के अवसर पर सोमवार दो नवंबर को अटल नगर, नवा रायपुर के सेंध तालाब में भारतीय वायुसेना का एयर शो होगा। सुबह 11 बजे से होने वाले इस प्रदर्शन में वायुसेना की सूर्य किरण एयरोबैटिक टीम और सारंग हेलीकाप्टर टीम अपने हवाई करतब दिखाएंगी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने अलग-अलग दिशाओं से आने वाले वाहनों के लिए मार्ग और पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं। पार्किंग स्थलों से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने के लिए 20 बसें और 55 ई-रिक्शा संचालित किए जाएंगे। कुछ पार्किंग स्थलों से दर्शकों को पैदल भी कार्यक्रम स्थल तक पहुंचना होगा।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण रायपुर की ओर से जारी यातायात व्यवस्था के अनुसार, रायपुर शहर, दुर्ग–भिलाई, धमतरी-अभनपुर, बिलासपुर-बलौदाबाजार और महासमुंद-आरंग की ओर से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग मार्ग तय किए गए हैं। वहीं, कार्यक्रम में पासधारी वाहनों के लिए भी अलग पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
पासधारी वाहन: माना विमानतल तिराहा से स्टेडियम टर्निंग पहुंचकर बाएं मुड़ना होगा। यहां से सेक्टर-एक में रेलवे स्टेशन के पास निर्धारित पार्किंग स्थल पर वाहन खड़े कर सकेंगे। पार्किंग से कार्यक्रम स्थल तक बस, ई-रिक्शा और पैदल जाने की व्यवस्था रहेगी।
रायपुर शहर से आने वाले वाहन: माना विमानतल तिराहा से स्टेडियम टर्निंग पहुंचकर दाएं मुड़ना होगा। इसके बाद चंदूलाल चंद्राकर चौक से कबीर चौक होते हुए सेक्टर-चार स्थित अविनाश उपवन की पार्किंग में वाहन खड़े करने होंगे। यहां से कार्यक्रम स्थल तक पैदल पहुंच सकेंगे।
दुर्ग, भिलाई और पचपेड़ी नाका की ओर से: पचपेड़ी नाका चौक से कमल विहार चौक, सदानी दरबार, माना बस्ती अथवा केंद्रीय मार्ग होते हुए ऊपरवारा चौक पहुंचना होगा। यहां से दीनदयाल उपाध्याय चौक और कबीर चौक होते हुए अविनाश उपवन की पार्किंग तक पहुंच सकेंगे। धमतरी और अभनपुर की ओर से: सेंट्रल माउंटफोर्ट स्कूल मार्ग से ऊपरवारा चौक, दीनदयाल उपाध्याय चौक और कबीर चौक होते हुए सेक्टर-चार स्थित अविनाश उपवन में वाहन पार्क करने होंगे।
बिलासपुर और बलौदाबाजार की ओर से: मंदिर हसौद-नवागांव स्टेडियम मार्ग से पहुंचकर स्टेडियम के चारों ओर बनाए गए निर्धारित पार्किंग स्थलों में वाहन खड़े कर सकेंगे। महासमुंद और आरंग की ओर से: नवागांव स्टेडियम मार्ग से परसदा स्थित कोसा मैदान की पार्किंग तक पहुंचना होगा। यहां से पैदल कार्यक्रम स्थल तक जा सकेंगे।

