राष्ट्रवाणी (रायपुर ब्यूरो): प्रतिनिधि, अंबिकापुर: रविवार शाम करीब पांच बजे वाड्रफनगर क्षेत्र के ग्राम सरना में दो घरों से हंसी-खुशी विदाई हुई थी। पड़ोसियों ने देखा था कि शमीम मोहम्मद और उसका दोस्त अतुल कुमार बैग टांगकर बस स्टॉप की ओर जा रहे हैं। घर वालों ने सोचा था एक-दो दिन में लौट आएंगे।
लेकिन सोमवार सुबह जब परिवार सोकर उठा ही था कि मोबाइल की घंटी बजी और उधर से आवाज आई – बस का एक्सीडेंट हो गया है…। बलरामपुर जिले के बलंगी से रायपुर जा रही यात्री बस सोमवार तड़के सिमगा के समीप ग्राम दरचुरा में सड़क किनारे खड़ी ट्रक से जा टकराई। इस भीषण हादसे में कुल पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 यात्री घायल हो गए।
मृतकों में रघुनाथनगर थाना क्षेत्र के ग्राम सरना निवासी दो दोस्त शमीम मोहम्मद और अतुल कुमार तथा बलंगी निवासी बस का हेल्पर पवन देवांगन भी शामिल है।

