राष्ट्रवाणी: नाना की मौत पर अपनों को भटकते देख शुरू किया बिजनेस,आज हर दिन ₹1.5 लाख की कमाईनाना की मौत के बाद लोगों को भागते देखा, तो आया बिजनेस आइडिया, 1 लाख से शुरू किया कारोबार, आज हर दिन डेढ़ लाख कमाईWritten by:Agency:Last Updated:November 25, 2026, 07:43 ISTBusiness Idea : जुगाड़ से जैकपॉट की इस 16वीं सीरीज में एक ऐसी महिला एंटरप्रेन्योर की कहानी लेकर आए हैं, जो वह काम करके अच्छा खासा पैसा कमा रही है जिसका नाम लेने से भी बहुत से लोग कतराते हैं. अंत्येष्टि फ्यूनरल सर्विसेज की फाउंडर श्रुति रेड्डी मृत्यु के बाद होने वाले अंतिम संस्कार में सेवा और कारोबार का अद्भुत संगम खोज निकाला. उनकी कहानी बताती है कि अगर आपकी नीयत साफ है और आप समाज की किसी असली समस्या को हल कर रहे हैं, तो कोई भी काम छोटा या अशुभ नहीं होता. श्रुति ने 2016 में अंत्येष्टि फ्यूनरल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड शुरू की. नई दिल्ली. अक्सर लोग यही सोचते हैं कि बिजनेस आइडियाज तो आलीशान कॉर्पोरेट मीटिंग रूम में ही जन्म लेते हैं या फिर किसी हाई-टेक लैब में. लेकिन, ये सच नहीं है. हकीकत यह है कि जीवन के सबसे बड़े और असरदार आइडिया हमारे आसपास की किसी आम परेशानी, किसी अनकहे दर्द या किसी की मजबूरी में छिपे होते हैं. जरूरत होती है तो बस एक पारखी नजर की, जो उस समस्या को समझ सके. उसका समाधान दे सके. ऐसा ही कुछ करके एक सफल एंटरप्रेन्योर बनी हैं श्रुति रेड्डी. लोगों को अपने प्रियजन की मौत के बाद अंत्येष्टी की भागदौड़ में उलझे हुए देखकर श्रुति ने एक ऐसा बिजनेस आइडिया तलाश लिया, जिसकी कल्पना तक कोई नहीं कर सकता था. आज उनकी कंपनी अंत्येष्टि फ्यूनरल सर्विसेज (Anthyesti Funeral Services) हर दिन डेढ लाख रुपये की कमाई कर रही है. ऐसा नहीं है कि श्रुति बेरोजगार थी. इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने देश के सबसे चमकदार माने जाने वाले आईटी सेक्टर में कदम रखा. करीब 9 साल तक उन्होंने एक सॉफ्टवेयर प्रोफेशनल के तौर पर बेहतरीन काम किया. अच्छी सैलरी थी, आरामदायक जिंदगी थी. लेकिन श्रुति के भीतर कुछ नया और सार्थक करने की बेचैनी थी. श्रुति रेड्डी के इस अनोखे स्टार्टअप की गूंज देश के सबसे चर्चित बिजनेस रियलिटी शो ‘शार्क टैंक इंडिया’ (Shark Tank India) के पहले सीजन तक भी पहुंची. श्रुति ने शो में बताया कि वह किसी की मौत का फायदा नहीं उठा रहीं, बल्कि जिंदगी के सबसे मुश्किल वक्त में बेसहारा और दुखी परिवारों का सहारा बन रही हैं. हालांकि, उन्हें शार्क टैंक इंडिया से कोई फंडिग नहीं मिली. कैसे आया आइडिया बात साल 2014 की है. श्रुति रेड्डी के पति के नाना का अचानक निधन हो गया. घर में मातम पसरा था. हर कोई गम में डूबा था. लेकिन इस दुख की घड़ी में श्रुति ने एक अजीब चीज नोटिस की. उन्होंने देखा कि उनके पति अंतिम संस्कार, शव वाहन, पंडित और प्रार्थना सभा की तैयारियों में इतने ज्यादा उलझे हुए थे कि उन्हें अपने परिवार के साथ बैठकर दो पल दुख बांटने तक की फुर्सत नहीं थी. हर छोटी-बड़ी चीज के लिए अलग-अलग लोगों को फोन करना पड़ रहा था. Advertisementउसी वक्त श्रुति के दिमाग में एक सवाल कौंधा कि जब हमारे देश में शादी, जन्मदिन और पार्टियों जैसे खुशियों के मौकों के लिए बड़ी-बड़ी इवेंट मैनेजमेंट कंपनियां मौजूद हैं, तो फिर जीवन के सबसे कठिन और दुखद मोड़ यानी अंतिम संस्कार के इंतजाम के लिए कोई सर्विस क्यों नहीं हो सकती?
इसी विचार ने अंत्येष्टि फ्यूनरल सर्विसेज (Anthyesti Funeral Services) की नींव रखी. मां ने नहीं की एक महीना बात पति के नाना के निधन के बाद उन्होंने अंतिम संस्कार से जुड़ी सारी प्रक्रियाओं को बारिकी से समझाना शुरू किया. उन्हें पता चला कि उनके पति की तरह दुख की घड़ी में परिवार वालों को कभी गाड़ी के लिए भटकना पड़ता है, तो कभी समय पर पंडित या जरूरी सामग्री नहीं मिल पाती. श्रुति ने इसी समस्या को सुलझाने का बीड़ा उठाया. उन्होंने जब अपने पति से इस आइडिया का जिक्र किया, तो पति ने तुरंत उनका हौसला बढ़ाया और साथ देने का वादा किया. लेकिन घर के बाकी सदस्यों के लिए यह फैसला किसी झटके से कम नहीं था. श्रुति की मां इस बात से बेहद नाराज हो गईं कि उनकी पढ़ी-लिखी इंजीनियर बेटी अब अंतिम संस्कार कराने जैसा काम करेगी. मां ने तो एक महीने तक बात ही नहीं की. श्मशान घाट जाकर समझा बाजार का असली गणित श्रुति के लिए यह राह बिल्कुल भी आसान नहीं थी. न तो उनके पास इस काम का कोई अनुभव था और न ही कोई गाइड करने वाला. लिहाजा, उन्होंने किताबी ज्ञान के बजाय सीधे जमीन पर उतरकर बाजार को समझने का फैसला किया. वह खुद श्मशान घाट जाने लगीं. वहां बैठकर वह यह देखतीं कि रोजाना कितने अंतिम संस्कार होते हैं, प्रक्रिया कैसे चलती है और परिवारों को किन-किन दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. उन्होंने शव वाहन चलाने वाले ड्राइवरों, डोम समुदाय के लोगों और पंडितों से बातचीत कर उनके कामकाज और फीस का पूरा गणित समझा. इसी रिसर्च के दौरान कोलकाता में उन्हें एक और बड़ी जरूरत का अहसास हुआ. उन्होंने देखा कि शहर में बड़ी संख्या में ऐसे बुजुर्ग दंपति अकेले रहते हैं, जिनके बच्चे नौकरी या पढ़ाई के सिलसिले में दूसरे शहरों या विदेशों में बसे हैं. ऐसे परिवारों को किसी अनहोनी की स्थिति में अंतिम संस्कार की व्यवस्था करने के लिए सबसे ज्यादा मदद की जरूरत पड़ती है. पति से 1 लाख उधार लेकर शुरू किया काम श्रुति ने 19 फरवरी 2016 को आधिकारिक तौर पर अंत्येष्टि फ्यूनरल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड (Anthyesti Funeral Services Private Limited) की शुरुआत की. इसके लिए उन्होंने अपने पति से 1 लाख रुपये उधार लिए. शुरुआत बेहद साधारण थी. किराये का एक छोटा सा ऑफिस और महज दो कर्मचारी. श्रुति ने शहर के शव वाहन चालकों और पंडितों का एक मजबूत नेटवर्क तैयार किया. इससे पहले अप्रैल 2015 में ही उन्होंने अपनी सर्विस को ‘जस्टडायल’ (Justdial) पर लिस्ट कर दिया था, जहां से धीरे-धीरे लोगों के फोन आने शुरू हो गए थे. शुरुआती दिनों में ज्यादातर लोग सिर्फ शव वाहन के लिए ही संपर्क करते थे. श्रुति को जल्द ही समझ आ गया कि अगर ग्राहकों को बेहतरीन और भरोसेमंद सेवा देनी है, तो कंपनी के पास खुद के कुछ संसाधन होने जरूरी हैं. इसी सोच के साथ जून 2016 में उन्होंने दो फ्रीजर बॉक्स खरीदे. काम आगे बढ़ा तो उन्होंने करीब 7 लाख रुपये का निवेश कर खुद का एक एयरकंडीशंड शव वाहन भी खरीद लिया. एक फोन पर पूरा इंतजाम अंत्येष्टि का मकसद सिर्फ शव को घर से श्मशान घाट तक पहुंचाना नहीं है, बल्कि यह एक वन-स्टॉप सॉल्यूशन है. यानी एक बार परिवार ने कंपनी को जिम्मेदारी सौंप दी, तो उन्हें फिर किसी भी चीज के लिए भटकने की जरूरत नहीं पड़ती. कंपनी की सेवाओं में ये सभी जरूरी काम शामिल हैं:- अस्पताल से घर और घर से श्मशान घाट तक के लिए शव वाहन और एंबुलेंस. शव को सुरक्षित रखने के लिए आधुनिक फ्रीजर बॉक्स और जरूरत पड़ने पर एम्बामिंग की सुविधा. अलग-अलग धर्मों, रीति-रिवाजों और समुदायों के अनुसार योग्य पंडित और पुजारी की व्यवस्था. श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार की सभी औपचारिकताएं और सामग्री का इंतजाम. मृत्यु प्रमाणपत्र (Death Certificate) बनवाने में सहायता. अस्थि विसर्जन और उसके बाद होने वाली श्राद्ध व प्रार्थना सभा की रस्में. यदि किसी का निधन दूसरे शहर या विदेश में हुआ है, तो एयर एंबुलेंस या कार्गो के जरिए शव को घर लाने-ले जाने की व्यवस्था. 2,500 रुपये से 1 लाख तक के पैकेज हर परिवार की आर्थिक स्थिति और जरूरतें अलग होती हैं, इसे ध्यान में रखते हुए कंपनी ने पैकेज तैयार किए हैं. अंत्येष्टि की सेवाओं की शुरुआत महज 2,500 रुपये से होती है, जो पूरी व्यवस्थाओं के साथ 1 लाख रुपये तक जाती है. अगर किसी को सिर्फ शव वाहन चाहिए, तो उसे उसी का भुगतान करना होता है, जबकि एंड-टू-एंड सर्विस लेने पर पूरा पैकेज मिलता है. श्रुति ने एग्रीगेटर मॉडल अपनाया. यानी हर शहर में अपनी भारी-भरकम टीम और गाड़ियां खरीदने के बजाय, कंपनी स्थानीय सर्विस प्रोवाइडर्स जैसे लोकल एंबुलेंस मालिक, फूल वाले, पंडित आदि के साथ साझेदारी करती है. इससे कंपनी बिना ज्यादा पूंजी फंसाए कई शहरों में अपनी सेवाएं देने में कामयाब रही है. हर दिन 1.5 लाख रुपये का रेवेन्यू जो काम कभी समाज में वर्जित या अशुभ माना जाता था, श्रुति ने उसे एक प्रोफेशनल और मुनाफे वाले बिजनेस में बदल दिया. एनडीटीवी प्रॉफिट की एक रिपोर्ट के मुताबिक, श्रुति की कंपनी साल 2023 तक अपने सभी बिजनेस सेगमेंट्स को मिलाकर रोजाना करीब 1.5 लाख रुपये का रेवेन्यू जेनरेट कर रही थी. रिपोर्ट में कंपनी का ग्रॉस मार्जिन लगभग 50 फीसदी बताया गया था. कंपनी के ताजा आंकड़े उपलब्ध नहीं है.About the Authorरुली बिश्नोई मीडिया इंडस्ट्री में 20 साल से अधिक के अनुभव वाले सीनियर पत्रकार हैं. वह अभी News18 Hindi (hindi.news18.com) से जुड़े हैं और बिजनेस वर्टिकल में काम करते हैं. यहां वे बिजनेस जगत के मुश्किल आंकड़ों …Location :New Delhi,New Delhi,DelhiFirst Published :November 25, 2026, 07:43 ISTऔर पढ़ें

