राष्ट्रवाणी (बिलासपुर ब्यूरो): बिलासपुर की बहनों का स्टार्टअप, लोगों को इटालियन डेजर्ट का बनाया दीवानाबिलासपुर की बहनों का स्टार्टअप! इटालियन डेजर्ट का बनाया दीवाना, कुछ घंटों में बिक जाती सारी मिठाईReported by:Edited by:Agency:Last Updated:November 25, 2026, 07:51 ISTBilaspur News: बिलासपुर के रिवर व्यू में दो बहनें इटालियन डेजर्ट बेचकर अपना स्टार्टअप चला रही हैं. वे घर पर मां की मदद से मिठाई तैयार कर शाम को स्टॉल लगाती हैं. रोजाना 70 से ज्यादा पीस बेचती हैं, जो कुछ ही घंटों में खत्म हो जाते हैं. पढ़ाई के साथ स्वरोजगार कर रही दोनों बहनें युवाओं के लिए प्रेरणा बन रही हैं. बिलासपुर. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में युवा अब पढ़ाई के साथ-साथ अपने हुनर को रोजगार का जरिया भी बना रहे हैं. इसकी एक शानदार मिसाल शहर के रिवर व्यू में देखने को मिल रही है, जहां दो सगी बहनें इटालियन डेजर्ट बेचकर अपना छोटा सा स्टार्टअप चला रही हैं. खास बात यह है कि इस मिठाई को वे बाजार से खरीदकर नहीं लातीं बल्कि घर पर ही अपनी मां की मदद से तैयार करती हैं और फिर शाम होते ही स्टॉल लगाकर बेचती हैं. शुरुआत में उन्हें भी इस बात की चिंता थी कि सड़क किनारे स्टॉल लगाकर मिठाई बेचने पर लोग क्या कहेंगे और उनका यह काम चलेगा भी या नहीं लेकिन धीरे-धीरे लोगों को इनका स्वाद पसंद आने लगा और अब स्थिति यह है कि रोजाना 70 से ज्यादा पीस लेकर पहुंचती हैं, जो महज दो से तीन घंटे में बिक जाते हैं. पढ़ाई के साथ आत्मनिर्भर बनने की इन दोनों बहनों की कहानी दूसरी युवतियों के लिए भी प्रेरणा बन रही है. बिलासपुर के रिवर व्यू में इटालियन डेजर्ट का स्टॉल लगाने वाली अलीशा मसीह और एंजल मसीह दो बहनें हैं. अलीशा ने लोकल 18 को बताया कि पहले वे घर पर रहकर पढ़ाई करती थीं. इसी दौरान उन्होंने सोचा कि खाली समय का इस्तेमाल कुछ नया करने और कमाई करने में किया जाए. उनकी मां को बेकरी और तरह-तरह की चीजें बनाने का शौक था. ऐसे में परिवार के सहयोग से उन्होंने मां के हुनर को एक छोटे बिजनेस में बदलने का फैसला किया. इस तरह उनके स्टार्टअप की शुरुआत हुई. स्वाद के हिसाब से तैयार की इटालियन डेजर्ट दोनों बहनें रिवर व्यू में इटालियन डेजर्ट बेचती हैं. अलीशा के मुताबिक, यह एक खास तरह की इटालियन मिठाई है, जिसमें कॉफी का फ्लेवर होता है. हालांकि उन्होंने इसे अपने स्वाद के हिसाब से थोड़ा मॉडिफाई किया है. इसकी खास बात यह है कि इसका बेस तैयार करने के लिए इस्तेमाल होने वाले इटालियन बिस्किट भी वे घर पर ही बनाती हैं. उनका कहना है कि बाजार में मिलने वाले कई प्रोडक्ट रेडीमेड इस्तेमाल किए जाते हैं लेकिन वे अपने यहां ज्यादातर चीजें होममेड रखती हैं. रातभर तैयार होती है मिठाई इस डेजर्ट को तैयार करने में काफी समय लगता है. दोनों बहनें बताती हैं कि वे शाम को स्टॉल लगाने के बाद घर लौटती हैं और रात में अगले दिन के लिए मिठाई तैयार करती हैं. इसे अच्छी तरह सेट होने के लिए पूरी रात का समय देना पड़ता है. इसके बाद अगले दिन शाम को वे ताजा डेजर्ट लेकर रिवर व्यू पहुंचती हैं. शुरुआत में वे रोजाना करीब 50 पीस बनाती थीं लेकिन ग्राहकों की संख्या बढ़ने के बाद अब 70 से ज्यादा पीस लेकर आती हैं. Advertisementदो से तीन घंटे में बिक जाते हैं 70 से ज्यादा पीस अलीशा और एंजल के मुताबिक, उनके स्टॉल पर आने वाले कई ग्राहक पहली बार मिठाई चखने के बाद दोबारा भी खरीदने आते हैं. धीरे-धीरे उनके रेगुलर कस्टमर बन गए हैं. एंजल बताती हैं कि ग्राहकों का रिस्पांस काफी अच्छा है और लोग उनके प्रोडक्ट की तारीफ भी करते हैं. कई छोटे बच्चे अपने माता-पिता से जिद करके यह डेजर्ट खरीदवाते हैं. यही फीडबैक उन्हें आगे बढ़ने का हौसला देता है. उनका कहना है कि रोजाना लाए गए 70 से ज्यादा पीस अक्सर दो से तीन घंटे में ही बिक जाते हैं. परिवार के सहयोग से चल रहा काम इस छोटे से स्टार्टअप की सबसे बड़ी ताकत उनका परिवार है. दोनों बहनें मिलकर स्टॉल संभालती हैं जबकि उनकी मां मिठाई तैयार करने में मदद करती हैं. उनके भाई भी इस काम में सहयोग करते हैं. अलीशा बताती हैं कि शुरुआत में उन्हें काफी झिझक होती थी. सड़क किनारे स्टॉल लगाकर सामान बेचना उनके लिए आसान नहीं था. मन में यह सवाल भी आता था कि लोग क्या सोचेंगे और उनका बिजनेस चलेगा या नहीं लेकिन जब लोगों ने पसंद करना शुरू किया और अच्छे रिव्यू मिलने लगे, तो उनका आत्मविश्वास बढ़ता गया. आत्मनिर्भर बनने का संदेश अलीशा का कहना है कि जो महिलाएं या युवतियां अपना काम शुरू करना चाहती हैं लेकिन यह सोचकर पीछे हट जाती हैं कि लोग क्या कहेंगे, उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए. दूसरों की बातों से ज्यादा जरूरी अपने लक्ष्य पर ध्यान देना है. मेहनत और परिवार के सहयोग से छोटे स्तर पर भी अपना रोजगार शुरू किया जा सकता है. अलीशा फिलहाल अपनी पढ़ाई भी कर रही हैं और उसके साथ इस स्टार्टअप को आगे बढ़ा रही हैं. उनका मानना है कि पढ़ाई के साथ अपनी कमाई का जरिया बनाना युवाओं के लिए अच्छा विकल्प हो सकता है. बिलासपुर के रिवर व्यू में दो बहनों की यह छोटी सी पहल बताती है कि अगर हुनर, मेहनत और कुछ नया करने का जुनून हो, तो घर से शुरू किया गया काम भी रोजगार का अच्छा जरिया बन सकता है.About the Authorराहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए करें।
छत्तीसगढ़ की ताजा खबरें पढ़ने के लिए |Location :Bilaspur,ChhattisgarhFirst Published :November 25, 2026, 07:51 ISTऔर पढ़ें

