राष्ट्रवाणी: 2.8 डिग्री गर्म हुई धरती, पिघलेंगे हिमालय के ग्लेशियर, वैज्ञानिकों की चेतावनी2.8 डिग्री गर्म हुई धरती तो पिघलेंगे हिमालय के ग्लेशियर, वैज्ञानिकों ने दी बड़ी तबाही की चेतावनीEdited by:Agency:Last Updated:November 28, 2026, 20:40 ISTहाल ही में संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन सम्मेलन यानी COP31 भी बिना किसी सहमति के समाप्त हो गया. इसके बाद कई वैज्ञानिकों ने मौजूदा जलवायु वार्ताओं की प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं. उनका मानना है कि जिस तेजी और बड़े स्तर पर जलवायु परिवर्तन से निपटने की जरूरत है, उस हिसाब से अंतरराष्ट्रीय कोशिशें आगे नहीं बढ़ पा रही हैं.वैज्ञानिकों ने दी बड़ी तबाही की चेतावनीकुछ सालों पहले तक जलवायु परिर्वतन की वजह से होने वाले नुकसानों का अंदाजा ही लगाया जा रहा था. लेकिन अब पूरी दुनिया में इसका असर साफ देखने को मिल रहा है. भारत में मानसून के बाद आए तीन चक्रवात, नेपाल में तेजी से पिघलते हिमालयी ग्लेशियर, महासागरों में घटती प्रवाल भित्तियां और वैश्विक तापमान में लगातार बढ़ोतरी… ये घटनाएं हो सकता है आपको अलग-अलग नजर आएं. लेकिन सच ये है कि इन सबके पीछे एक बड़ी वजह है- जलवायु परिवर्तन. वैज्ञानिकों का कहना है कि दुनिया अब इस संकट के ऐसे दौर में पहुंच रही है, जहां इसके असर को नजरअंदाज करना मुश्किल होता जा रहा है. न्यूज एजेंसी ‘भाषा’ के अनुसार जलवायु परिवर्तन का असर सिर्फ मौसम तक सीमित नहीं है. इससे लोगों की सेहत, देशों की अर्थव्यवस्था और रोजमर्रा की जिंदगी भी प्रभावित हो रही है. वैज्ञानिक लंबे समय से इस खतरे को लेकर चेतावनी देते रहे हैं. उनका कहना है कि अगर समय रहते उत्सर्जन कम करने और बदलते मौसम के असर से निपटने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो हालात और गंभीर हो सकते हैं. COP31 से क्या संदेश मिला?
जलवायु वैज्ञानिक और जलवायु परिवर्तन पर अंतर-सरकारी पैनल (IPCC) की रिपोर्ट के प्रमुख लेखकों में शामिल रॉक्सी मैथ्यू कोल ने ‘पीटीआई-वीडियो’ से बातचीत में कहा कि COP31 से उन्हें यही संदेश मिला कि दुनिया जलवायु में तेजी से हो रहे बदलावों से निपटने में नाकाम रही है. कोल ने सम्मेलन के अंतिम दस्तावेज से जीवाश्म ईंधन जैसे शब्द हटाए जाने पर भी चिंता जताई. उनके मुताबिक, इससे ऐसा लगता है कि दुनिया की प्राथमिकताएं जलवायु संकट से निपटने के लिए जरूरी कदमों से उलटी दिशा में जा रही हैं. अब सिर्फ छोटी-मोटी कोशिशों से काम नहीं चलेगा. वैश्विक तापमान को बढ़ने से रोकने और जलवायु परिवर्तन के असर को कम करने के लिए बड़े और निर्णायक बदलाव करने होंगे. उन्होंने यह भी कहा कि COP31 में जलवायु वित्त और निवेश को लेकर जो वादे किए गए हैं, वे जरूरत के मुकाबले बहुत कम हैं. ये वादे हर साल जलवायु परिवर्तन से होने वाले नुकसान के दसवें हिस्से के बराबर भी नहीं हैं. Advertisement भारत के लिए क्यों बढ़ रही है चुनौती?
कोल ने कहा कि भारत की भौगोलिक स्थिति उसे जलवायु परिवर्तन के कई खतरों के सामने खड़ा करती है. भारत के तीन तरफ गर्म होते महासागर हैं, जिनका असर चक्रवातों की गतिविधियों पर पड़ रहा है. इस साल मानसून के बाद के मौसम में ही तीन चक्रवात आए हैं. इसके अलावा हिमालय के ग्लेशियर तेजी से पिघल रहे हैं. नेपाल और तिब्बत में इसके असर देखने को मिले हैं. मौसम से जुड़ी चरम घटनाएं भी लगातार बढ़ रही हैं. कई बार ये घटनाएं अचानक होती हैं और उनका सही अनुमान लगाना मुश्किल हो जाता है. कोल ने कहा कि अमेरिका भले ही अब जलवायु सम्मेलनों की बातचीत में हिस्सा नहीं ले रहा हो, लेकिन जलवायु परिवर्तन किसी एक देश की समस्या नहीं है. अमेरिका, यूरोप, रूस, चीन और भारत समेत सभी देशों को मिलकर ग्रीनहाउस गैसों का उत्सर्जन कम करना होगा. उनके मुताबिक, यही इस संकट से निपटने का एकमात्र रास्ता है. उन्होंने यह भी कहा कि भारत जलवायु परिवर्तन से निपटने में अहम भूमिका निभा सकता है. इसके लिए देश को निवेश बढ़ाना होगा, जलवायु परिवर्तन के असर पर लगातार नजर रखनी होगी और मौसम की चरम घटनाओं से पहले चेतावनी देने वाली प्रणालियों को मजबूत करना होगा. इसके साथ ही पूरे क्षेत्र में रिसर्च और नई तकनीक विकसित करने के लिए फंडिंग बढ़ाने की जरूरत है. COP31 का नतीजा निराशाजनक 9 से 20 नवंबर तक तुर्किये में हुए COP31 की बैठक 2 दिन एस्ट्रा बढ़ाई गई, फिर भी बेनतीजा ही रही. अंतरराष्ट्रीय क्रायोस्फीयर क्लाइमेट इनिशिएटिव (ICCI) के मुख्य जलवायु वैज्ञानिक जेम्स किर्कहैम ने COP31 के नतीजे को मिला-जुला बताया. उनके मुताबिक, सम्मेलन का परिणाम दुनिया की उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा. लेकिन इससे यह समझने का मौका मिला है कि जलवायु परिवर्तन के तेजी से बढ़ते खतरों से निपटने के लिए मौजूदा अंतरराष्ट्रीय प्रक्रिया पर्याप्त तेजी से काम नहीं कर रही है. तापमान बढ़ने की सीमा पर अब भी चिंता किर्कहैम ने सम्मेलन के अंतिम दस्तावेज में ठोस फैसलों की कमी पर निराशा जताई. उन्होंने कहा कि वैश्विक तापमान में बढ़ोतरी को तय सीमा के भीतर रखने और इस बढ़ोतरी को कम समय तक सीमित रखने के लिए लगातार प्रयास करने होंगे. बातचीत के दौरान शब्दों और उनके इस्तेमाल पर उलझे रहने से काम नहीं चलेगा. उनके मुताबिक, दुनिया को अभी बहुत कुछ करना बाकी है. COP31 में सहमति नहीं बन पाना एक अस्थायी झटका हो सकता है, लेकिन इससे नेताओं को जलवायु संकट से निपटने के लिए और गंभीरता से प्रयास करने की प्रेरणा मिलनी चाहिए. हालांकि, सम्मेलन के अंतिम दस्तावेज में इस्तेमाल की गई भाषा पहाड़ी देशों और हिममंडल (Cryosphere) को बचाने के लिए पर्याप्त नहीं है. किर्कहैम के मुताबिक, अगर दुनिया में मौजूदा नीतियां इसी तरह लागू होती रहीं, तो वैश्विक तापमान में बढ़ोतरी करीब 2.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकती है. यह मामूली बढ़ोतरी नहीं होगी, बल्कि बेहद गंभीर स्थिति होगी. इसका असर नेपाल जैसी जगहों पर जलवायु से जुड़ी आपदाओं के रूप में दिख सकता है. समुद्र का जलस्तर तेजी से बढ़ सकता है और आर्कटिक क्षेत्र में हजारों साल से जमी जमीन यानी परमाफ्रॉस्ट (Permafrost) पिघल सकती है. इससे बड़े पैमाने पर पर्यावरणीय बदलाव और आपदाएं पैदा होने का खतरा है. IPCC की अगली रिपोर्ट को लेकर भी वैज्ञानिक चिंतित रॉक्सी मैथ्यू कोल और जेम्स किर्कहैम, दोनों ने IPCC की सातवीं आकलन रिपोर्ट (AR7) को लेकर भी चिंता जताई है. इस रिपोर्ट की समयसीमा और बजट को लेकर अलग-अलग देशों के बीच सहमति नहीं बन पाई. इसी वजह से अक्टूबर में इथियोपिया की राजधानी अदीस अबाबा में हुई पिछली बैठक स्थगित करनी पड़ी थी. IPCC की आकलन रिपोर्ट दुनिया भर में जलवायु विज्ञान से जुड़े शोध और आंकड़ों की समीक्षा करती है. इसमें वैज्ञानिकों के निष्कर्षों को शामिल किया जाता है और विशेषज्ञों की समीक्षा के बाद सरकारों की मंजूरी ली जाती है. इन रिपोर्टों के जरिए दुनिया को बताया जाता है कि जलवायु परिवर्तन किस दिशा में बढ़ रहा है, इसके क्या खतरे हैं और उनसे निपटने के लिए क्या कदम उठाए जा सकते हैं. आमतौर पर IPCC ऐसी रिपोर्ट हर पांच से सात साल में जारी करता है. वैज्ञानिकों की चिंता यही है कि एक तरफ जलवायु परिवर्तन के असर तेजी से सामने आ रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ इससे निपटने के लिए जरूरी अंतरराष्ट्रीय फैसलों और संसाधनों पर सहमति बनाना अब भी मुश्किल हो रहा है.About the AuthorNews Editorदीपिका शर्मा पिछले 7 सालों से News18 Hindi से जुड़ी हुई हैं और इन दिनों ‘नॉलेज’ सेक्शन के लिए देश-दुनिया की खबरों पर डिटेल और लॉन्ग-रीड आर्टिकल्स लिखने में माहिर हैं. इतिहास के पन्नों …लेटेस्ट कॉमर्स डील्स, खास डिस्काउंट और बेहतरीन शॉपिंग ऑफर देखने के लिए ✅देखें.Location :OtherFirst Published :November 28, 2026, 20:40 ISTऔर पढ़ें

