राष्ट्रवाणी: परिसीमन बिल: समर्थन में TMC के 20 बागी सांसद, बाद में अयोग्य हुए तो क्या होगा?परिसीमन बिल 2026: TMC के 20 बागी सांसदों ने दिया सरकार को समर्थन, बाद में अयोग्य हुए तो क्या रद्द हो जाएंगे वोट?Written by:Agency:Last Updated:November 28, 2026, 20:52 ISTDelimitation Bill 2026: संसद के 30 नवंबर से शुरू हो रहे विशेष सत्र में परिसीमन से जुड़ा नया संविधान संशोधन बिल पेश होगा. टीएमसी ने अपने सांसदों को व्हिप जारी किया है, लेकिन एनसीपीआई में शामिल हुए 20 बागी सांसदों ने सरकार को समर्थन का ऐलान किया है. डीएमके और शरद पवार गुट के साथ आने से लोकसभा में 359 वोटों का समीकरण बदल गया है. कानूनी नियमों के तहत अयोग्यता से पहले डाले गए वोट पूरी तरह वैध रहते हैं.स्पीकर ओम बिरला के साथ TMC के बागी सांसद (फाइल फोटो : PTI)नई दिल्ली: संसद के विशेष सत्र में परिसीमन और महिला आरक्षण पर चर्चा के बाद वोटिंग होगी. तृणमूल कांग्रेस ने शनिवार (28 नवंबर) को अपने सभी लोकसभा सांसदों को तीन-पंक्ति का व्हिप जारी कर 30 नवंबर से 4 दिसंबर तक सदन में मौजूद रहने का निर्देश दिया है. दूसरी तरफ पार्टी से बगावत कर नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी ऑफ इंडिया में शामिल हुए 20 लोकसभा सांसदों ने केंद्र सरकार के इस बिल का समर्थन करने का ऐलान कर दिया है. लोकसभा की सीटें 543 से बढ़ाकर 850 करने वाले इस संविधान संशोधन बिल को पास कराने के लिए सरकार को दो-तिहाई बहुमत चाहिए. अगर सभी योग्य सांसद वोट डालते हैं, तो लोकसभा में 359 वोटों की जरूरत पड़ेगी. ऐसे में इन 20 बागी सांसदों का रुख सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों के लिए निर्णायक बन गया है. टीएमसी के 20 बागी सांसद वोटिंग के बाद अयोग्य हुए तो क्या उनके वोट रद्द हो जाएंगे?
यह विवाद जून 2026 में शुरू हुआ था, जब पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में टीएमसी की हार के बाद पार्टी के 29 में से 20 लोकसभा सांसद अलग हो गए थे. वरिष्ठ सांसद सुदीप बंद्योपाध्याय और काकोली घोष दस्तीदार की अगुवाई में इस गुट ने एनसीपीआई के साथ विलय का दावा किया. इसके जवाब में लोकसभा में टीएमसी संसदीय दल के नेता अभिषेक बनर्जी ने स्पीकर ओम बिरला के सामने संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत इन सभी 20 सांसदों को अयोग्य ठहराने की याचिका दायर की. सभी 20 बागी सांसदों ने 24 नवंबर को स्पीकर के नोटिस पर 17 से 18 पन्नों का अपना जवाब दाखिल कर दिया है. उनका तर्क है कि कुल 29 सांसदों में से 20 का अलग होना दो-तिहाई से ज्यादा है, इसलिए दलबदल कानून के चौथे पैराग्राफ के तहत उन पर अयोग्यता लागू नहीं होती. फिलहाल स्पीकर ने इन सांसदों की याचिका पर अंतिम फैसला नहीं सुनाया है और लोकसभा की वेबसाइट पर वे अब भी टीएमसी सदस्य के रूप में दर्ज हैं. हालांकि स्पीकर ने सदन में उनके बैठने की अलग व्यवस्था जरूर कर दी है. संवैधानिक नियमों के मुताबिक जब तक स्पीकर अयोग्यता का आदेश जारी नहीं करते, तब तक ये सभी 20 सांसद सदन की कार्यवाही और वोटिंग में हिस्सा लेने के पूरी तरह हकदार हैं. स्पीकर ओम बिरला के साथ TMC के बागी सांसद (फाइल फोटो : PTI) Advertisementसबसे बड़ा सवाल यह है कि अगर ये सांसद व्हिप के खिलाफ जाकर बिल के पक्ष में वोट देते हैं और बाद में स्पीकर या अदालत उन्हें अयोग्य घोषित कर देती है, तो क्या होगा?
सुप्रीम कोर्ट के सुभाष देसाई फैसले और संसदीय कानून के तहत इसका जवाब एकदम साफ है. अयोग्यता का फैसला भविष्य की तारीख से लागू होता है और यह पिछली तारीख से प्रभावी नहीं होता. इसका मतलब है कि अयोग्यता आदेश आने से पहले इन 20 सांसदों ने सदन में जो वोट डाले होंगे, वे पूरी तरह वैध रहेंगे. बाद में उनकी सदस्यता रद्द होने पर भी परिसीमन बिल पर हुई वोटिंग के नतीजे पर कोई कानूनी असर नहीं पड़ेगा. अभिषेक बनर्जी ने शनिवार को स्पीकर को पत्र लिखकर निलंबित टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी का निलंबन भी 30 नवंबर से पहले वापस लेने की मांग की है. अभिषेक बनर्जी ने स्पीकर को पत्र लिखा है. (PTI Photo) पहले कब-कब हो चुका है ऐसा?
जानिए तब क्या हुआ था भारतीय संसदीय और विधानसभा इतिहास में ऐसी स्थिति पहले कई बार बन चुकी है, जहां किसी दल के बागी सांसदों या विधायकों के खिलाफ अयोग्यता (डिसक्वालिफिकेशन) याचिकाएं स्पीकर के पास लंबित रहीं और इसी बीच उन्होंने सदन की अहम वोटिंग में हिस्सा लिया. महाराष्ट्र शिवसेना संकट (2022–2023) – सुभाष देसाई केस:जून 2022 में एकनाथ शिंदे और उनके समर्थक विधायकों ने उद्धव ठाकरे गुट से बगावत की. उद्धव गुट ने डिप्टी स्पीकर के सामने बागी विधायकों को अयोग्य ठहराने की याचिकाएं दायर कीं. मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा, जहां उद्धव गुट ने दलील दी कि जिन विधायकों पर अयोग्यता की तलवार लटक रही है, उन्हें सदन में वोट डालने या बहुमत परीक्षण में हिस्सा लेने से रोका जाए. फैसला क्या हुआ: मई 2023 में सुप्रीम कोर्ट की 5 जजों की संविधान पीठ (सुभाष देसाई बनाम महाराष्ट्र के राज्यपाल) ने स्पष्ट व्यवस्था दी कि अयोग्यता याचिका लंबित रहने के दौरान किसी भी विधायक या सांसद को सदन की कार्यवाही और वोटिंग में हिस्सा लेने से नहीं रोका जा सकता. कोर्ट ने कहा कि इस बीच सदन में लिए गए फैसले या हुई वोटिंग बाद में आने वाले अयोग्यता के फैसले पर निर्भर नहीं करती (यानी वोट रद्द नहीं होते). 2008 का लोकसभा विश्वास मत (मनमोहन सिंह सरकार): जुलाई 2008 में अमेरिका के साथ परमाणु समझौते के मुद्दे पर यूपीए सरकार के खिलाफ लोकसभा में विश्वास मत प्रस्ताव आया. उस समय सपा, टीडीपी, बीजेडी, एमडीएमके और भाजपा समेत कई दलों के करीब 21 सांसदों ने अपनी पार्टी के व्हिप के खिलाफ जाकर क्रॉस-वोटिंग की या वोटिंग से गैरहाजिर रहे. कई दलों ने स्पीकर सोमनाथ चटर्जी के सामने इन सांसदों को अयोग्य ठहराने की याचिकाएं दीं. नतीजा क्या रहा: उन सांसदों के वोट गिने गए, सरकार 275 बनाम 256 वोटों से विश्वास मत जीत गई और बाद में कुछ सांसदों की सदस्यता रद्द होने के बावजूद विश्वास मत के नतीजे पर कोई असर नहीं पड़ा. 1993 का अविश्वास प्रस्ताव (पीवी नरसिम्हा राव सरकार): जुलाई 1993 में नरसिम्हा राव सरकार के खिलाफ आए अविश्वास प्रस्ताव के दौरान अजित सिंह के नेतृत्व वाले जनता दल (अजित) गुट के सांसदों ने पार्टी व्हिप के उलट सरकार के पक्ष में वोट डाला था. उन पर दलबदल की कार्रवाई की मांग उठी, लेकिन उनके वोट वैध माने गए और सरकार बच गई. कर्नाटक विधानसभा संकट (2019): 2019 में कांग्रेस और जेडीएस के बागी विधायकों के इस्तीफे और अयोग्यता के विवाद के बीच स्पीकर के अंतिम फैसले से पहले की सदन की कार्यवाहियां और बहुमत परीक्षण वैध रहे. सुप्रीम कोर्ट ने बाद में स्पीकर द्वारा की गई अयोग्यता को तो बरकरार रखा, लेकिन सदन की पिछली कार्यवाही को रद्द नहीं किया. दो-तिहाई विलय का पेंच: दलबदल कानून (दसवीं अनुसूची के पैराग्राफ 4) के तहत अगर किसी मूल राजनीतिक दल का दूसरे दल में विलय होता है और विधायी दल के कम से कम दो-तिहाई सदस्य सहमत होते हैं, तो अयोग्यता लागू नहीं होती. टीएमसी के 20 बागी सांसद इसी आधार पर खुद को सुरक्षित बता रहे हैं, हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने सुभाष देसाई केस में यह भी साफ किया है कि केवल सांसदों/विधायकों की संख्या काफी नहीं होती, बल्कि मूल राजनीतिक दल के स्तर पर भी विलय साबित होना जरूरी है. संविधान के 132वें संशोधन बिल में ऐसा क्या खास है जिस पर संसद में घमासान मचा है?
केंद्र सरकार सोमवार 30 नवंबर को लोकसभा में संविधान (132वां संशोधन) विधेयक 2026 पेश करने जा रही है. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को अनुच्छेद 117(3) के तहत इस बिल को सदन में विचार के लिए रखने की अपनी संवैधानिक सिफारिश भी दे दी है. इस नए बिल का मकसद लोकसभा और राज्य विधानसभाओं की सीटों में एकसमान 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी करके महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण तुरंत लागू करना है. सरकार 2027 की जनगणना पूरी होने तक महिला आरक्षण को लटकाए नहीं रखना चाहती. नए ड्राफ्ट के तहत लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 550 से बढ़ाकर 850 की जाएगी, जिसमें राज्यों के लिए अधिकतम 815 और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए 35 सीटें होंगी. राज्यों की विधानसभाओं की अधिकतम सीमा भी 500 से बढ़ाकर 650 करने का प्रस्ताव है. दक्षिणी राज्यों की आशंकाओं को दूर करने के लिए सरकार ने नए ड्राफ्ट में बड़ा बदलाव किया है. अब हर राज्य की मौजूदा सीटों में एकसमान 50 प्रतिशत इजाफा होगा, जिससे किसी भी राज्य का संसदीय अनुपात कम नहीं होगा. साथ ही नई तय की गई सीटों और निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं को साल 2051 तक स्थिर रखने का प्रावधान भी जोड़ा गया है. इससे पहले सरकार 17 अप्रैल 2026 को 131वां संविधान संशोधन बिल लाई थी, लेकिन तब 528 वोटों में से उसे सिर्फ 298 वोट मिले थे और बिल 54 वोटों से गिर गया था. परिसीमन के बाद कुछ ऐसा होगा लोकसभा का गणित, केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने X पर शेयर किया पोस्ट. परिसीमन बिल के समर्थन और विरोध में कौन-कौन से दल खड़े हैं और किसकी कितनी ताकत है?
लोकसभा की कुल 543 सीटों में से अभी 3 सीटें खाली हैं और सदन में 540 मौजूदा सदस्य हैं. अगर टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी का निलंबन बरकरार रहता है, तो स्पीकर के अलावा 538 सदस्य वोट डाल सकेंगे. ऐसी स्थिति में बिल पास कराने के लिए दो-तिहाई बहुमत यानी 359 वोटों का जादुई आंकड़ा चाहिए होगा. अप्रैल के मुकाबले इस बार एनडीए की स्थिति काफी मजबूत दिख रही है. भाजपा, जेडीयू, टीडीपी, एकनाथ शिंदे की शिवसेना, एलजेपी और एनसीपीआई के 20 बागी टीएमसी सांसदों को मिलाकर एनडीए के पास करीब 320 सांसदों का संख्या बल है. शिवसेना के उद्धव ठाकरे गुट के 6 सांसद भी शिंदे गुट में शामिल हो चुके हैं. विपक्षी खेमे में बड़ी सेंध लगाते हुए कई क्षेत्रीय दलों ने इस संशोधित बिल को समर्थन देने के संकेत दिए हैं. तमिलनाडु की 7.18 प्रतिशत सीट हिस्सेदारी सुरक्षित रहने की शर्त पूरी होने के बाद 22 सांसदों वाली डीएमके इस बिल के समर्थन में आ गई है. शरद पवार की अगुवाई वाली 8 सांसदों की एनसीपी ने भी शुक्रवार को ऐलान किया कि एकसमान 50 प्रतिशत सीट बढ़ोतरी होने पर वह बिल का साथ देगी. इसके अलावा 4 सांसदों वाली वाईएसआरसीपी और बीआरएस ने भी नए प्रस्ताव का समर्थन किया है. इन सभी को जोड़ने पर सरकार के पक्ष में करीब 354 से 357 वोट बैठते हैं. अगर विपक्ष के महज 5 या 6 सांसद भी गैरहाजिर रहते हैं या वॉकआउट करते हैं, तो यह बिल लोकसभा में आसानी से पास हो जाएगा. दूसरी तरफ इंडिया गठबंधन के प्रमुख दलों ने इस बिल के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने इसे दलितों और आदिवासियों के साथ अन्याय बताते हुए विरोध का ऐलान किया है. लोकसभा में 99 सांसदों वाली कांग्रेस ने अपने सदस्यों को व्हिप जारी कर दिया है. इसके साथ ही 37 सांसदों वाली समाजवादी पार्टी, टीएमसी के बाकी बचे 9 सांसद, उद्धव ठाकरे की शिवसेना, आरजेडी, वाम दल, जेएमएम, आम आदमी पार्टी और एआईएमआईएम इस बिल के विरोध में खड़े हैं. सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने इसे भाजपा की सबसे बड़ी राजनीतिक भूल करार दिया है. लोकसभा के बाद राज्यसभा और राज्यों की विधानसभाओं में इस बिल की राह कितनी आसान है?
लोकसभा की बाधा पार करने के बाद 2 दिसंबर से इस बिल पर राज्यसभा में चर्चा और वोटिंग होगी. राज्यसभा की मौजूदा सदस्य संख्या 245 है और सभी सदस्यों के वोट डालने पर सरकार को 164 वोटों की जरूरत पड़ेगी. अप्रैल 2026 में आम आदमी पार्टी के 10 में से 7 राज्यसभा सांसदों के भाजपा में विलय के बाद उच्च सदन में भाजपा के अकेले 113 सांसद हो गए हैं. सहयोगी दलों को मिलाकर एनडीए के पास राज्यसभा में 141 सदस्य हैं. इसमें डीएमके के 10, वाईएसआरसीपी के करीब 7 से 9, बीआरएस के 4 और शरद पवार गुट के 2 सांसदों का समर्थन जुड़ते ही आंकड़ा 164 के पार पहुंच जाता है. वहीं कांग्रेस, टीएमसी, आप, आरजेडी और वाम दलों की ताकत उच्च सदन में इसे रोकने के लिए नाकाफी दिख रही है. संसद के दोनों सदनों से दो-तिहाई बहुमत से पास होने के बाद भी यह बिल तुरंत कानून नहीं बनेगा. संविधान के अनुच्छेद 368 के तहत चूंकि यह संशोधन संसद में राज्यों के प्रतिनिधित्व में बदलाव करता है, इसलिए इसे देश की कम से कम आधी विधानसभाओं से पास कराना अनिवार्य होगा. यानी राष्ट्रपति की अंतिम मंजूरी के लिए देश के कम से कम 14 राज्यों की विधानसभाओं को साधारण बहुमत से इस प्रस्ताव पर मुहर लगानी होगी.About the AuthorDeputy News Editorदीपक वर्मा की गिनती डिजिटल मीडिया के सबसे तेज और उभरते हुए चेहरों में होती है. वह न्यूज18 हिंदी के साथ डिप्टी न्यूज एडिटर के तौर पर जुड़े हैं. दीपक ने अपने करियर में कई बड़े मुकाम हासिल किए हैं…लेटेस्ट कॉमर्स डील्स, खास डिस्काउंट और बेहतरीन शॉपिंग ऑफर देखने के लिए ✅देखें.Location :New Delhi,DelhiFirst Published :November 28, 2026, 20:52 ISTऔर पढ़ें

