राष्ट्रवाणी (कोरबा ब्यूरो): प्रतिनिधि, कोरबा। सात वर्षीय बच्ची की हत्या के मामले में आरोपित अमित चौहान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बालको थाना क्षेत्र के बेलगारी नाला निवासी 40 वर्षीय अमित को गुरुवार देर रात बांगो क्षेत्र के जंगल में घेराबंदी कर पकड़ा गया।
उसकी गिरफ्तारी की जानकारी मिलते ही शुक्रवार को आक्रोशित ग्रामीणों ने राजगामार पुलिस चौकी का घेराव कर दिया। बड़ी संख्या में महिलाएं भी प्रदर्शन में शामिल हुईं। उन्होंने बच्ची के हत्यारे को फांसी देने के नारे लगाए और आरोपित को सामने लाने की मांग की।
बच्ची के साथ दुष्कर्म की आशंका भी जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना को लेकर क्षेत्र में आक्रोश है। कांग्रेस ने शुक्रवार शाम चार बजे राजगामार में कैंडल मार्च निकालने का ऐलान किया है।
वहीं, छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना ने भी लगातार हो रहे गंभीर अपराधों के विरोध में मोर्चा खोल दिया है। बच्ची का शव मिलने के बाद उसे मेडिकल कालेज जिला अस्पताल के मर्च्युरी में रखा गया था। शुक्रवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई।
फिलहाल पुलिस आरोपित से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है। ग्रामीणों की मांग है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी को कानून के तहत कठोरतम सजा दिलाई जाए।

