राष्ट्रवाणी (रायपुर ब्यूरो): प्रतिनिधि, रायपुर। चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के असर से छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है।
वहीं, कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई गई है। बेमौसम बारिश और तेज हवाओं ने एक ओर जहां प्रदेश में ठिठुरन बढ़ा दी है, वहीं खेतों और खरीदी केंद्रों में रखी धान की फसल के खराब होने का संकट भी खड़ा कर दिया है। तूफान के कमजोर पड़ने के बावजूद इससे बना सिस्टम वातावरण से लगातार नमी खींच रहा है, जिसका सीधा असर उत्तरी और दक्षिणी छत्तीसगढ़ में दिख रहा है।
शनिवार सुबह से गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और कोंडागांव के केशकाल इलाके में हल्की बूंदाबांदी के साथ घनी धुंध छाई रही। दृश्यता बेहद कम हो जाने के कारण मुख्य मार्गों पर वाहन चालकों को दिन में भी हेडलाइट जलाकर सफर करना पड़ा। शुक्रवार को दिनभर हुई बारिश के चलते राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान सामान्य से नौ डिग्री नीचे लुढ़ककर 21 डिग्री सेल्सियस पर आ गया और शहर में 11.2 मिमी बारिश दर्ज की गई।
प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 12.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि अंबिकापुर में अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री दर्ज किया गया। रायपुर में शनिवार को भी बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना है, जहां तापमान 19 से 25 डिग्री के बीच रह सकता है। बेमौसम बारिश ने कोरबा और पेंड्रा सहित प्रदेश के अन्य जिलों में किसानों की परेशानी बढ़ा दी है।
वर्तमान में ग्रामीण इलाकों में धान की कटाई और मिसाई का काम चल रहा है। बारिश के कारण खेत-खलिहानों में खुले आसमान के नीचे रखी कटी हुई फसल के भीगने का खतरा पैदा हो गया है, ऐसे में किसान तिरपाल के जरिए उपज को बचाने की कोशिश में जुटे हैं। वहीं, खेतों में खड़ी फसल के तेज हवा से गिरने की आशंका बनी हुई है।
15 नवंबर से शुरू हुई समर्थन मूल्य पर धान खरीदी भी इससे प्रभावित हो रही है, क्योंकि खुले परिसरों में रखी बोरियों के भीगने और धान में नमी का प्रतिशत बढ़ने से खरीदी केंद्रों पर तौल व गुणवत्ता को लेकर चुनौतियां बढ़ गई हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों में सिस्टम के कमजोर पड़ने के बाद ही मौसम में धीरे-धीरे सुधार होगा।

