राष्ट्रवाणी (रायपुर ब्यूरो): प्रतिनिधि, रायपुर। रायपुर से मुंबई जा रही इंडिगो की फ्लाइट में शुक्रवार को उस समय आसमान में म्यूजिक कॉन्सर्ट जैसा माहौल बन गया, जब बॉलीवुड गायक सोनू निगम ने यात्रियों की फरमाइश पर सुपरहिट गाने सुनाए। विमान में सोनू निगम को अपने बीच पाकर सहयात्री उत्साहित हो गए और उनसे गीत सुनाने का आग्रह किया।
सोनू निगम ने भी यात्रियों को निराश नहीं किया और अपनी आवाज में ‘हर घड़ी बदल रही है जिंदगी’ तथा ‘बिजुरिया’ जैसे लोकप्रिय गीत गाकर पूरे सफर को यादगार बना दिया। उनकी प्रस्तुति सुनकर यात्री झूम उठे और कई लोगों ने इस पल को मोबाइल में कैद करने के साथ उनके साथ सेल्फी भी ली। अब इस अनोखे सफर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिस पर लोग दिलचस्प प्रतिक्रियाएं देते हुए यात्रियों को खुशकिस्मत बता रहे हैं।
रायपुर से मुंबई जा रही फ्लाइट में गायक सोनू निगम ने यात्रियों को सुनाए गाने। #SonuNigam #Raipur #Chhattisgarh — (@Nai_Dunia) November 21, 2026 सोनू निगम 19 नवंबर को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) रायपुर के वार्षिक उत्सव ‘ओरियाना फेस्ट’ के तहत आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में अपनी प्रस्तुति देने शहर आए थे।
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वे शुक्रवार, 20 नवंबर को इंडिगो की फ्लाइट से मुंबई लौट रहे थे। इसी हवाई यात्रा के दौरान यात्रियों को उनके साथ सफर करने और लाइव सॉन्ग सुनने का यह खास मौका मिला। सोनू निगम पिछले तीन दशक से अधिक समय से भारतीय संगीत जगत में सक्रिय हैं।
उन्होंने हिंदी फिल्मों में रोमांटिक, देशभक्ति और भक्ति गीतों सहित कई विधाओं में अपनी आवाज दी है। ‘कल हो ना हो’, ‘संदेशे आते हैं’, ‘ये दिल दीवाना’ और ‘अभी मुझ में कहीं’ उनके सबसे चर्चित गीतों में शामिल हैं। संगीत के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए भारत सरकार ने उन्हें वर्ष 2022 में पद्मश्री सम्मान से नवाजा था।

