राष्ट्रवाणी (छत्तीसगढ़ ब्यूरो): न्यूज, भटगांव। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के नगर पंचायत भटगांव के मुख्य मार्ग पर शनिवार सुबह हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। दरअसल तेज रफ्तार ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वाहन धनुष के आकार में मुड़ गया। दुर्घटना में कार सवार 18 वर्षीय ताहिर खान की मौत हो गई, जबकि वाहन चला रहा उसका साथी अकरम खान (18) गंभीर रूप से घायल हो गया है। तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित हुई कार प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार की रफ्तार काफी तेज थी।
मुख्य मार्ग पर चालक अकरम द्वारा अचानक ब्रेक लगाने से कार बेकाबू हो गई और सीधे पेड़ से जा भिड़ी। सूचना मिलते ही भटगांव पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को बिलाईगढ़ अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने बगल की सीट पर बैठे ताहिर खान को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल अकरम को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है।

