राष्ट्रवाणी: कोरबा, 24 सितंबर (सितंबर) छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक किसान ने कथित रूप से कीटनाशक खाकर आत्महत्या कर ली है। पुलिस अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में उरगा थाना क्षेत्र के बागबुड़ा गांव में किसान परदेसी राम कंवर (55) ने आज कीटनाशक खाकर अपनी जान दे दी।
अधिकारियों के अनुसार किसान पर 25 हजार रुपये का कर्ज था और वह अकेले खेती-किसानी के भारी बोझ और मानसिक तनाव से जूझ रहा था। उन्होंने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली है कि कंवर अपनी तीन एकड़ जमीन पर अकेले ही खेती का काम संभालता था। अधिकारियों के मुताबिक कीटनाशक सेवन के बाद जब उसकी तबीयत बिगड़ी तब परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
कंवर के बेटे सुनील कुमार ने बताया कि उसके पिता अक्सर तनाव में रहते थे कि परिवार के अन्य सदस्य खेती के काम में ध्यान नहीं देते और पूरी जिम्मेदारी उन्हें अकेले ही संभालना पड़ता है, इसी मानसिक दबाव और कर्ज के चलते उन्होंने यह कदम उठा लिया। कोरबा के जिलाधिकारी कुणाल दुदावत ने बताया कि किसान ने 25 हजार रुपए सोसाइटी से कर्ज लिया था, लेकिन सोसाइटी से किसी भी तरह का कर्ज वसूली के लिए नोटिस नहीं गया है।
दुदावत ने बताया कि कंवर की पत्नी, पुत्र आदि के बयान से स्पष्ट है कि उसने पारिवारिक कारण से खुदकुशी की है। जिलाधिकारी ने बताया कि पुलिस इस मामले में जांच कर रही है। जांच के बाद ही खुदकुशी के सही कारणों का पता चलेगा।
इस मामले में सिविल लाइंस थाने की प्रभारी आस्था वर्मा ने बताया कि अस्पताल से मिली जानकारी के आधार पर परिजनों का बयान दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच की जा रही है।

