राष्ट्रवाणी: ग्वारफली ढोकली स्वादिष्ट और पौष्टिक व्यंजन रोटी या चावल के बिना भी पूरा भोजन है, जिसे आसानी से बनाया जा सकता है। ग्वारफली ढोकली रेसिपी (Image Source: एआई Generated) जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। आपने दाल ढोकली तो बहुत बार खाई होगी, पर कभी ग्वारफली ढोकली ट्राई की है?
बता दें कि यह सब्जी राजस्थान के मारवाड़ इलाके और गुजरात के काठियावाड़-सौराष्ट्र क्षेत्रों के पारंपरिक व्यंजन में शामिल है। फिर इसका स्वाद भी ऐसा है कि आपको बार-बार खाने का मन करेगा। इस रेसिपी को स्वादिष्ट और पौष्टिक वन-पॉट डिश माना जाता है, इसके साथ अलग से रोटी या चावल बनाने की जरूरत नहीं।
आइए जानते हैं इसकी रेसिपी: ग्वारफली ढोकली बनाने के लिए सबसे पहले आटा तैयार कर लें, एक कटोरी में 1/2 कप गेहूं का आटा और 1/2 कप बेसन डालें। इस आटे में 1/4 चम्मच हल्दी, 1/4 छोटा चम्मच बेकिंग पाउडर, 1/4 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, 1/4 छोटा चम्मच जीरा, 1/4 छोटा चम्मच अजवाइन और 1/4 छोटा चम्मच बेकिंग पाउडर भी मिलाएं।
अब इसमें थोड़ा सा पानी डालकर सख्त आटा गूंध लेना है। इसे एक तरफ ढककर सेट होने के लिए रखें। ग्वारफली सब्जी बनाने के लिए आपको 200 ग्राम ग्वार की फली को अच्छे से धोकर सुखा लेना है।
फिर इसकी दोनों तरफ से नोक हटाकर अपने हिसाब से काट लें। इसके बाद कड़ाही को गैस पर रखें और उसमें 2 चम्मच तेल डालें। जब तेल गर्म हो जाए तो उसमें 1 चम्मच जीरा, 1/4 छोटा चम्मच काली सरसों और 1 चुटकी हींग डालकर भून लें।
1 इंच कद्दूकस अदरक के साथ 2 मीडियम साइज कटे हुए टमाटर भी डालें। अब 1/2 छोटा चम्मच हल्दी, 1 छोटा चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च, 1/4 छोटा चम्मच गरम मसाला, 1 चम्मच धनिया पाउडर डालकर धीमी आंच पर 2-3 मिनट तक पकने दें। मसाले भुन जाने पर उसमें ग्वार की फली के साथ जरूरत अनुसार पानी और स्वादानुसार नमक भी मिलाएं।
इस मिश्रण को कम से कम 5-7 मिनट तक धीमी आंच पर पकने देना है। अगले स्टेप में ढोकली तैयार करें, आटे से छोटी-छोटी लोई बनाकर चपटा करते जाएं। इसके बाद कटोरी का आकार देते जाना है।
धीरे-धीरे सारी ढोकली पक रही सब्जी में डालें और इसे भी 2 मिनट तक पकाएं। सबसे आखिर में ऊपर से नींबू और धनिया डालकर सर्व करें।

