राष्ट्रवाणी (रायपुर ब्यूरो): राज्य ब्यूरो, , रायपुर। राज्योत्सव के अवसर पर छत्तीसगढ़ में जश्न के बीच रविवार को प्रदेश कांग्रेस के नेता दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत आयोजित प्रदर्शन में शामिल हुए। कांग्रेस ने रैली को ऐतिहासिक बताया, जबकि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राज्य स्थापना दिवस पर प्रदेश से दूर रहकर संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने को दुर्भाग्यपूर्ण कहा।
दिल्ली की रैली में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डा. चरणदास महंत, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव, पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू सहित कांग्रेस के 35 विधायक और नेता शामिल हुए। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि लोकतंत्र का जनआक्रोश रुकेगा नहीं, बल्कि देश के कोने-कोने तक पहुंचेगा।
उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि देश और छत्तीसगढ़ में लोकतंत्र को सोची-समझी साजिश के तहत बंधक बनाया जा रहा है। उनके मुताबिक, दिल्ली से उठा शंखनाद भाजपा के रवैये और वोट चोरी के कथित षड्यंत्र के खिलाफ जनता के संकल्प का संकेत है।

