राष्ट्रवाणी (बिलासपुर ब्यूरो): प्रतिनिधि, बिलासपुर: नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से 13.50 लाख रुपये लेने के आरोप में आपराधिक प्रकरण का सामना कर रही विधवा को अनुकंपा नियुक्ति देने से इन्कार के विभागीय आदेश में हाई कोर्ट ने हस्तक्षेप से मना कर दिया। जस्टिस बिभु दत्ता गुरु की एकलपीठ ने याचिका खारिज करते हुए कहा कि याचिकाकर्ता निर्णय को मनमाना या हस्तक्षेप योग्य बताने का ठोस आधार नहीं दे सकी।
आदेश के अनुसार, करुणा पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर लोगों से 13.50 लाख रुपये लेने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज हुई थी। उनकी गिरफ्तारी हुई और आरोपपत्र सक्षम आपराधिक न्यायालय में पेश किया गया। मामला विचाराधीन है।
करुणा के वकील ने कहा कि मुकदमे का विचारण लंबित होने मात्र से नियुक्ति से वंचित नहीं किया जा सकता। कोर्ट ने पाया कि याचिका में अस्वीकृति आदेश को चुनौती देने की बात थी, लेकिन उसे निरस्त करने की मांग नहीं की गई थी। एकलपीठ के अनुसार, आदेश दस्तावेजों पर विचार के बाद हुआ और इसे नियमों या नीति के विपरीत साबित करने वाली सामग्री नहीं दी गई।

