राष्ट्रवाणी (बिलासपुर ब्यूरो): प्रतिनिधि, बिलासपुर। जिले में रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन के मामलों में लगातार एफआईआर दर्ज होने और आरोपितों को तीन-तीन साल की सजा मिलने के बाद भी रेत माफिया पर कोई असर नहीं पड़ रहा है। शहर से लगे घुटकू क्षेत्र में अरपा नदी से खुलेआम रेत निकाली जा रही है।
माफिया रेत घाट की निर्धारित सीमा छोड़कर दूसरे स्थानों पर भी उत्खनन करा रहे हैं। लगातार खनन से नदी का किनारा करीब 12 से 15 फीट तक गहरा हो गया है। इससे मिट्टी का कटाव बढ़ रहा है और नदी किनारे खेती करने वाले किसानों की जमीन हर साल नदी में समा रही है।
नदी किनारे खेती करने वाले 70 वर्षीय किसान श्यामलाल पटेल ने बताया कि वे बचपन से खेती कर रहे हैं। पिछले 10 वर्षों से नदी में अवैध उत्खनन जारी है। हर साल नदी का किनारा कमजोर होकर पानी आने पर बह जाता है।
उनकी करीब 25 से 30 फीट जमीन नदी में समा चुकी है। इससे खेती का रकबा लगातार घट रहा है। उन्होंने सरपंच और जिला प्रशासन से कई बार शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
घुटकू घाट पर रेत निकाल रहे एक ट्रैक्टर चालक ने नाम नहीं बताने की शर्त पर बताया कि यहां सुबह से शाम तक खनन होता है। उसके मुताबिक, गांव के पंच पिछले कई महीने से उत्खनन करा रहे हैं। एक ट्रैक्टर रेत की कीमत 1400 रुपये ली जाती है।
नदी में लगातार ट्रैक्टरों से रेत निकाली जा रही है। सड़क किनारे डंप की गई रेत को बैकहो लोडर से हाइवा में भरते एक चालक से टीम ने बातचीत की। चालक ने बताया कि वह केवल रोजी पर रेत हाइवा में भरने का काम करता है।
पूछने पर उसने बताया कि सड़क किनारे डंप की गई रेत गांव के अमित नाम के व्यक्ति की है। एक हाइवा रेत की कीमत 6200 रुपये बताई। अवैध रेत उत्खनन के मामलों में लगातार कार्रवाई की जा रही है।
एफआईआर दर्ज कराई जा रही है और न्यायालय से आरोपितों को सजा भी हो रही है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई जारी है। संजय अग्रवाल, कलेक्टर बिलासपुर

