राष्ट्रवाणी (भिलाई ब्यूरो): प्रतिनिधि, भिलाई। युवती से फोन पर बातचीत करने के शक में उसके भाई और साथियों ने साजिश रचकर एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। युवती ने अपने भाई के कहने पर युवक को मिलने के लिए सुपेला के गदा चौक बुलाया था।
युवक के पहुंचते ही वहां पहले से घात लगाकर बैठे तीन से चार युवकों ने उसे घेर लिया और कमर, सिर, पेट तथा पीठ पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल युवक किसी तरह अपनी स्कूटी लेकर वहां से भाग निकला और अस्पताल पहुंचकर जान बचाई। मामले में वैशाली नगर थाना पुलिस ने देर रात तीन लोगों को हिरासत में लिया है।
मिलने के बहाने बुलाकर बिछाया जाल घायल युवक की पहचान विवेक सिंह कुर्रे (30 वर्ष) के रूप में हुई है। यह वारदात शनिवार रात करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है। विवेक के मुताबिक, कुछ दिन पहले ही उसकी एक युवती से जान-पहचान हुई थी और चार-पांच दिन पहले दोनों के बीच फोन पर बातचीत हुई थी।
इसके बाद युवती ने उसे मिलने के लिए सुपेला के गदा चौक बुलाया। विवेक का कहना है कि वह युवती को बहन मानकर मिलने गया था और उसे हमले का जरा भी अंदेशा नहीं था। जैसे ही वह तय स्थान पर पहुंचा, युवती के भाई और उसके साथियों ने उसे घेरकर हमला कर दिया।

