राष्ट्रवाणी (रायपुर ब्यूरो): राज्य ब्यूरो, रायपुर: पीआरए और बार्बरिक कारोबारी समूह पर आयकर विभाग की कार्रवाई अचानक नहीं हुई। वित्तीय खुफिया इकाई (एफआइयू-इंड) से मिले इनपुट के बाद विभाग ने करीब साढ़े तीन महीने तक समूह की वित्तीय गतिविधियों और कारोबारी लेनदेन पर नजर रखी।
इसके बाद बुधवार को रायपुर समेत बिलासपुर, रायगढ़, अंबिकापुर, जांजगीर-चांपा जिले के 32 और महाराष्ट्र, झारखंड और ओड़िशा के 18 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। पांच दिन तक चली कार्रवाई में 2.50 करोड़ रुपये से अधिक की नकदी जब्त करने की पुष्टि जांच अधिकारी कर रहे। अब जांच का दायरा समूह की कंपनियों, निदेशकों, बैंक खातों, लाकरों और निर्माण परियोजनाओं तक फैल गया है।
आयकर विभाग को 125 करोड़ रुपये से अधिक की संभावित कर चोरी का संदेह है। फर्जी बिलिंग, खर्च बढ़ाकर दिखाने और नकद लेनदेन छिपाने की आशंकाओं पर दस्तावेजों का मिलान किया जा रहा है। सड़क निर्माण और स्पंज आयरन से जुड़े दोनों समूह के 50 में से 30 ठिकानों पर आयकर विभाग की कार्रवाई रविवार को समेट ली गई।
हालांकि, अधिकांश टीमें शनिवार देर रात से बाकी ठिकानों पर जांच पूरी करने में लगी रहीं। कारोबारियों के आवास और कार्यालयों में जांच का दायरा बढ़ाया गया है। वहां टीमे डटी हुई है।
बैंक खातों और लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों का भी परीक्षण किया जा रहा है। सभी टीमों के लौटने के बाद ही अंतिम आंकड़े सामने आएंगे।

