राष्ट्रवाणी: नेपाल में सीखी खेती की तकनीक,सीवान के किसान बंजर जमीन से कमा रहे सालाना 25 लाखनेपाल में सीखी खेती की तकनीक, सीवान के किसान बंजर जमीन पर उगा रहे सेव, मौसमी, ड्रेगन फ्रूट, सालाना 25 लाख कमाईEdited by:Agency:Last Updated:November 23, 2026, 11:22 ISTसीवान के धनौता गांव के जय प्रकाश तिवारी बंजर जमीन पर सेव, मौसमी और ड्रैगन फ्रूट उगा रहे हैं. उन्होंने नेपाल में रहकर खेती की तकनीक सीखी. अकेले ड्रैगन फ्रूट से 8 लाख रुपये की कमाई हुई. सालाना 25 लाख रुपये तक की कमाई का दावा भी किया गया है. सीवान: जहां कभी जमीन बंजर पड़ी थी, वहां आज फलों की खेती से लाखों रुपये की कमाई हो रही है. मेहनत, लगन और कुछ नया करने के जुनून ने सीवान के एक किसान की किस्मत बदल दी है. दरौंदा प्रखंड के धनौता गांव निवासी जय प्रकाश तिवारी ने अपनी बंजर भूमि को फलदार बागान में तब्दील कर दिया है. आज उनके बागान में ड्रैगन फ्रूट, मौसमी और सेब जैसे फल लहलहा रहे हैं. किसान का दावा है कि इन फसलों से उन्हें सालाना करीब 25 लाख रुपये तक की कमाई हो रही है. उनकी यह कामयाबी अब जिले के दूसरे किसानों के लिए भी प्रेरणा बन रही है. यूट्यूब से मिली जानकारी, नेपाल जाकर सीखी तकनीक जय प्रकाश तिवारी बताते हैं कि उन्हें गर्म जलवायु में सेब की खेती करने का विचार यूट्यूब पर वीडियो देखने के दौरान आया. इसके बाद उन्होंने इस खेती के बारे में और जानकारी जुटानी शुरू की. नेपाल में रह रहे अपने रिश्तेदारों से संपर्क किया और वहां के किसानों से खेती की बारीकियां सीखने का फैसला किया. इसके बाद उन्होंने करीब एक साल तक नेपाल में किसानों के साथ रहकर खेती के तौर-तरीके समझे. इस दौरान उन्होंने जाना कि सही किस्म, उचित देखभाल और वैज्ञानिक तकनीक अपनाकर गर्म मौसम में भी सेब और मौसमी जैसे फलों की खेती की जा सकती है. बंजर जमीन पर तैयार किया फलदार बागान नेपाल से खेती का हुनर सीखकर घर लौटने के बाद जय प्रकाश तिवारी ने अपनी बंजर जमीन को खेती योग्य बनाने का काम शुरू किया. जमीन की सिंचाई कर उसे व्यवस्थित तरीके से तैयार किया और करीब एक बीघा क्षेत्र में फलदार बागान विकसित किया. आज इस बागान में ड्रैगन फ्रूट, मौसमी और सेब की खेती हो रही है. उनकी मेहनत का परिणाम भी सामने आने लगा है और अलग-अलग फसलों से उन्हें अच्छी पैदावार मिल रही है. ड्रैगन फ्रूट से ही हुई 8 लाख रुपये की कमाई किसान जय प्रकाश तिवारी के मुताबिक, इस बार उन्हें अकेले ड्रैगन फ्रूट की खेती से करीब 8 लाख रुपये की कमाई हुई है. वहीं, मौसमी की फसल से चार से पांच क्विंटल फल प्राप्त हुए हैं. इसके अलावा सेब की यह उनकी पहली फसल थी. जिसमें करीब डेढ़ क्विंटल फल का उत्पादन हुआ. उनका कहना है कि ड्रैगन फ्रूट का पौधा लगाने के लगभग 18 महीने बाद फल देना शुरू कर देता है।
सही देखभाल और प्रबंधन से इससे बेहतर उत्पादन प्राप्त किया जा सकता है. एक ही जमीन पर कई फसलों का मॉडल, किसानों को दे रहे नया संदेश जय प्रकाश तिवारी की खेती की एक खास बात यह भी है कि वह जमीन का अधिकतम उपयोग करने पर जोर देते हैं. उनका कहना है कि ड्रैगन फ्रूट के पौधों के बीच खाली जगह और नीचे बनी क्यारियों में अदरक समेत दूसरी उपयोगी फसलें भी लगाई जा सकती हैं. इससे एक ही खेत में कई तरह की फसलों का उत्पादन संभव है और किसानों को अतिरिक्त आमदनी का रास्ता मिलता है. आज जय प्रकाश तिवारी ने यह साबित कर दिया है कि खेती में सिर्फ पारंपरिक तरीकों पर निर्भर रहना जरूरी नहीं है. नई तकनीक सीखकर, प्रयोग करके और मेहनत के दम पर बंजर जमीन को भी कमाई का जरिया बनाया जा सकता है. धनौता गांव के इस किसान की कहानी उन युवाओं और किसानों के लिए एक बड़ी सीख है. जो खेती को घाटे का सौदा समझकर इससे दूर भाग रहे हैं.About the Authorप्रसून सिंह को मीडिया में 7 साल काम करने का अनुभव है. खबरों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रोचक अंजाद में पेश करना खासियत है. अखबार में इंटर्नशिप के साथ करियर की शुरुआत हुई. इसके बाद ETV Bharat (बिहार)…Location :Siwan,BiharFirst Published :November 23, 2026, 11:22 ISTऔर पढ़ें

