राष्ट्रवाणी: दुबई-बेंगलुरु की नौकरी छोड़ बिहार लौटा कपल, अब एआई से बचा रहे मरीजों की जिंदगीदुबई, बेंगलुरु की नौकरी छोड़ बिहार लौटे पति-पत्नी, अब एआई से बचा रहे मरीजों की जिंदगी, रात में भी पहुंचती है X-Ray-MRI रिपोर्टReported by:Edited by:Agency:Last Updated:November 23, 2026, 11:36 ISTPatna Couple Health टेक Start-Up: कटिहार के दंपती सूचि प्रिया और नवीन कुमार ने हेल्थ टेक स्टार्टअप शुरू किया है. यह एआई आधारित प्लेटफॉर्म सीटी स्कैन और एक्स-रे की तस्वीरें सीधे रेडियोलॉजिस्ट तक पहुंचाता है, जिससे छोटे शहरों के मरीजों को काफी राहत मिली है. ख़बरें फटाफट पटना. बिहार के छोटे शहरों में रात के वक्त किसी मरीज का एक्सीडेंट हो जाए या अचानक ब्रेन हेमरेज जैसी स्थिति बन जाए, तो इलाज की राह में सबसे बड़ी चुनौती कई बार डॉक्टर तक सही समय पर जांच की रिपोर्ट पहुंचाना होता है. खासकर तब, जब अस्पताल या डायग्नोस्टिक सेंटर में रेडियोलॉजिस्ट मौजूद न हों. ऐसे में मरीज को रिपोर्ट के लिए इंतजार करना पड़ सकता है या फिर बड़े शहर का रुख करना पड़ सकता है. इसी परेशानी को तकनीक के जरिए कम करने की कोशिश कर रहे हैं कटिहार के रहने वाले पति-पत्नी सूचि प्रिया और नवीन कुमार. दुबई में सरकारी नौकरी और बेंगलुरु की सॉफ्टवेयर कंपनी में काम करने के बाद दोनों ने अपने करियर की दिशा बदली और बिहार लौटकर एक हेल्थ टेक स्टार्टअप की शुरुआत की. इनका मकसद सिर्फ एक सॉफ्टवेयर बनाना नहीं, बल्कि बिहार के उन मरीजों तक भी विशेषज्ञ डॉक्टरों की सुविधा पहुंचाना है, जिन्हें इलाज के लिए बड़े शहरों पर निर्भर रहना पड़ता है. जब एक्स-रे की तस्वीर सीधे डॉक्टर तक पहुंचने लगी सूचि प्रिया और नवीन कुमार की कंपनी आईकेयर इंफोसिस्टम्स प्राइवेट लिमिटेड ने PACS और टेली रेडियोलॉजी प्लेटफॉर्म तैयार किया है. यह एआई आधारित है और मेडिकल इमेजिंग के क्षेत्र में काम कर रहा है. यह एक ऐसा डिजिटल सिस्टम है, जिसके माध्यम से CT Scan, X-Ray और MRI की तस्वीरें डायग्नोस्टिक सेंटर से सीधे रेडियोलॉजिस्ट तक पहुंचाई जाती हैं. आमतौर पर किसी सेंटर पर जांच होने के बाद उसकी इमेज डॉक्टर तक पहुंचाने और रिपोर्ट तैयार कराने में समय लग सकता है. लेकिन इस सिस्टम में मशीन से मिली इमेज क्लाउड सर्वर पर अपलोड हो जाती है. इसके बाद रेडियोलॉजिस्ट अपने वर्कस्टेशन, लैब या मोबाइल के जरिए इमेज देख सकते हैं और रिपोर्ट तैयार कर सकते हैं. फाउंडर नवीन का कहना है कि जरूरत पड़ने पर अस्पताल अपने मेडिकल डेटा को अपने ही परिसर में रखने के लिए ऑन-प्रेमिसेस सॉल्यूशन भी ले सकते हैं. Advertisementबिहार के गांवों से लेकर दूसरे राज्यों तक पहुंचा नेटवर्क इस स्टार्टअप का काम अब केवल बिहार तक सीमित नहीं है. कंपनी की को-फाउंडर सूचि प्रिया ने बताया कि देशभर में करीब 300 डायग्नोस्टिक सेंटरों को CT, X-Ray और MRI की रिपोर्टिंग सेवाएं दी जा रही हैं. बिहार के अलावा असम, झारखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और ओडिशा सहित कई राज्यों में कंपनी का नेटवर्क काम कर रहा है. बिहार के अलग-अलग जिलों में भी इसकी सेवाएं पहुंच रही हैं. इस नेटवर्क के जरिए किसी छोटे शहर या दूर-दराज के इलाके में मौजूद सेंटर की मेडिकल इमेज देश के किसी भी उपलब्ध विशेषज्ञ रेडियोलॉजिस्ट तक पहुंच सकती है. यानी मरीज को हर बार विशेषज्ञ डॉक्टर के पास जाने की जरूरत नहीं, बल्कि विशेषज्ञ की रिपोर्ट उसके स्थानीय सेंटर तक पहुंच सकती है. एआई से मेडिकल रिपोर्टिंग में भी हो रहा बदलाव इस सिस्टम में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई का इस्तेमाल भी किया जा रहा है. फाउंडर नवीन कुमार ने बताया कि एआई का उपयोग फिलहाल दो प्रमुख कामों में किया जा रहा है. पहला, मरीज की स्थानीय भाषा में बताई गई मेडिकल हिस्ट्री को डॉक्टरों के लिए समझने योग्य मेडिकल भाषा में बदलना. बिहार के ग्रामीण इलाकों में मरीज कई बार अपनी परेशानी स्थानीय शब्दों में बताते हैं. ऐसे में अलग-अलग राज्यों के डॉक्टरों तक मरीज की सही जानकारी पहुंचाना चुनौतीपूर्ण हो सकता है. दूसरा, एआई की मदद से रिपोर्ट तैयार करने की प्रक्रिया को तेज करना. रेडियोलॉजिस्ट को अपनी मेडिकल फाइंडिंग बतानी होती है, जिसके आधार पर सिस्टम रिपोर्ट का ड्राफ्ट तैयार करता है. इसके बाद डॉक्टर रिपोर्ट की जांच और सत्यापन करते हैं. कंपनी का दावा है कि इस तकनीक से रेडियोलॉजिस्ट का समय बचता है और वे पहले की तुलना में अधिक रिपोर्ट तैयार कर सकते हैं. हालांकि, रिपोर्ट की अंतिम जिम्मेदारी डॉक्टर की ही होती है. रात में एक्सीडेंट हो या ब्रेन हेमरेज, समय बचाने की कोशिश इस तकनीक का सबसे अहम उपयोग इमरजेंसी की स्थिति में हो सकता है. सड़क दुर्घटना, ट्रॉमा या ब्रेन हेमरेज जैसे मामलों में मरीज की जांच के बाद रिपोर्ट मिलने में देरी इला ज को प्रभावित कर सकती है. कंपनी के फाउंडर बताते हैं कि कई छोटे शहरों और दूर-दराज के सेंटरों पर रात के समय रेडियोलॉजिस्ट उपलब्ध नहीं होते. ऐसे में ऑनलाइन मौजूद विशेषज्ञ डॉक्टरों तक इमेज तुरंत भेजी जा सकती है. इसके साथ ही, इमेज का लिंक स्थानीय फिजिशियन या सर्जन के साथ भी साझा किया जा सकता है. इससे डॉक्टर मरीज की स्थिति और जांच की तस्वीरों को एक साथ देखकर आगे के इलाज का निर्णय लेने में मदद पा सकते हैं. बिहार के कॉलेजों के युवाओं ने तैयार की तकनीक इस स्टार्टअप की एक खास बात यह भी है कि इसके निर्माण में बिहार के युवाओं की भूमिका रही है. कंपनी के फाउंडर ने बताया कि टीम में बिहार के अलग-अलग कॉलेजों और पॉलिटेक्निक संस्थानों से पढ़े एमसीए और बीसीए के छात्र शामिल हैं. पटना साइंस कॉलेज सहित स्थानीय संस्थानों से जुड़े युवाओं ने इस तकनीक के विकास में योगदान दिया है. इसके अलावा पटना, रांची और बेगूसराय के रेडियोलॉजिस्ट से लगातार फीडबैक लिया गया, ताकि सिस्टम को स्थानीय जरूरतों के अनुसार बेहतर बनाया जा सके. विदेश की नौकरी से अपने राज्य में स्टार्टअप तक नवीन कुमार पहले दुबई में काम करते थे, जबकि सूचि प्रिया बेंगलुरु की एक सॉफ्टवेयर कंपनी में कार्यरत थीं. विदेश और दूसरे बड़े शहरों में काम करने के अनुभव के बाद दोनों ने अपने राज्य के लिए कुछ करने का फैसला किया. उनका मानना था कि बिहार में तकनीकी प्रतिभा की कमी नहीं है, लेकिन स्थानीय समस्याओं को हल करने के लिए अवसर और संसाधनों की जरूरत है. इसी सोच के साथ दोनों ने हेल्थ टेक के क्षेत्र में अपना स्टार्टअप शुरू किया. आज उनका प्रयास मेडिकल इमेजिंग और रिपोर्टिंग को डिजिटल बनाकर डॉक्टरों का समय बचाने और मरीजों को समय पर इलाज उपलब्ध कराने की दिशा में है. आज की तारीख में इससे 40 रेडियोलॉजिस्ट जुड़े हुए हैं, जो ऑनलाइन रिपोर्ट तैयार करते हैं. साथ ही, कंपनी 300 से अधिक सेंटरों पर सेवाएं दे रही है. She holds a Master’s degree in Mass Communication and Journalism from Bundelk…लेटेस्ट कॉमर्स डील्स, खास डिस्काउंट और बेहतरीन शॉपिंग ऑफर देखने के लिए ✅देखें.Location :Patna,BiharFirst Published :November 23, 2026, 11:33 ISTऔर पढ़ें
Trending
- ‘बिग बॉस 20’ से माही होने वाली थीं एविक्ट? आखिर क्यों मनीष गोयल ने खुद मांगी जाने की इजाजत – राष्ट्रवाणी
- जर्मनी में प्यार, इंग्लैंड का दूल्हा और हिमाचल में प्रधान की बेटी की यादगार शादी—पढ़ें इनसाइड स्टोरी – राष्ट्रवाणी
- अवध और मिथिला के संबंधों में जुड़ने जा रहा स्वर्णिम अध्यायः सीएम योगी—पढ़ें इनसाइड स्टोरी – राष्ट्रवाणी
- बाइक टैक्सी के विरोध में सड़कों पर उतरें ऑटो चालक, कार्रवाई की मांग – राष्ट्रवाणी
- साप्ताहिक राशिफल: मकर और कुंभ राशि वाले इस सप्ताह अनावश्यक दिखावे से बचें और सेहत का ध्यान – राष्ट्रवाणी
- तान्या उस लड़के के हाथ में हाथ डालकर कैफे से… जब तनुज ने चार साल बाद पहली बार देखा – राष्ट्रवाणी
- साप्ताहिक राशिफल: तुला राशि वाले इस सप्ताह धार्मिक कार्यों में व्यस्त रहेंगे तो वृश्चिक वा – राष्ट्रवाणी
- पीएम मोदी ने बालेन शाह को दिया त्रिवेणी का पवित्र जल, नेपाली प्रधानमंत्री ने क्या उपहार दिया? – राष्ट्रवाणी

