राष्ट्रवाणी (बिलासपुर ब्यूरो): प्रतिनिधि, बिलासपुर: दयालबंद के मधुबन रोड नारियल कोठी क्षेत्र में बच्चे की पीठ काटने की बात पर विवाद हो गया। गुस्साए देवर ने महिला समेत उसके पति और परिवार के दो अन्य सदस्यों के साथ मारपीट कर दी। आरोपित ने लोहे के पाइप से हमला करने के साथ ही घर के बाहर खड़ी बाइक में भी तोड़फोड़ कर दी।
कोतवाली क्षेत्र के मधुबन रोड नारीयल कोठी में रहने वाली कलावती बरेठ (26) गृहणी हैं। उनकी शिकायत के मुताबिक 26 नवंबर को दोपहर करीब 12 बजे उनका आठ वर्षीय बेटा आरव कुमार घर में खेल रहा था। इसी दौरान उनके देवर मनेश निर्मलकर उर्फ अंकित ने बच्चे की पीठ पर दांत से काट लिया।
कलावती ने इसका विरोध करते हुए बच्चे को काटने से मना किया तो आरोपित गाली-गलौज करने लगा। इसके बाद उसने कलावती के साथ हाथ-मुक्के और लात से मारपीट की। शोर सुनकर महिला के पति मुकेश कुमार और देवर महेश रजक बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपित ने उनसे भी मारपीट की।
उसने लोहे के पाइप से हमला कर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद बाइक में भी पाइप मारकर तोड़फोड़ कर दी। मारपीट में महिला, उसके बेटे, पति और देवर को चोटें आई हैं।
शिकायत पर पुलिस ने मामले में जांच और कार्रवाई शुरू कर दी है।

