राष्ट्रवाणी: बिलासपुर नेवस उपदाते : कोरबा. बीती रात लगभग 10:30 बजे बांकी मेन हॉस्पिटल से मरीज छोड़कर ढेलवाडीह लौट रही एसईसीएल की एंबुलेंस अनियंत्रित होकर खदान स्थित मैगजीन हाउस के समीप सड़क किनारे जा घुसी. राहत की बात रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई. घटना ने आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लगा दिया है. लोगों का कहना है कि एंबुलेंस केवल एक वाहन नहीं, बल्कि मरीजों के लिए जीवनरेखा होती है. ऐसे वाहन का चालक अत्यंत सतर्क, प्रशिक्षित और जिम्मेदार होना चाहिए, क्योंकि उसकी एक छोटी-सी लापरवाही भी किसी गंभीर मरीज की जान पर भारी पड़ सकती है. यदि यही दुर्घटना किसी मरीज को अस्पताल ले जाते समय होती, तो उसके परिणाम दुखद हो सकते थे. घटना दर्शाती है कि एंबुलेंस संचालन में सुरक्षा मानकों, चालक की कार्यशैली तथा नियमित निगरानी को लेकर गंभीर सुधार की आवश्यकता है. एसईसीएल प्रबंधन की यह जिम्मेदारी है कि आपातकालीन सेवाओं में लगे वाहनों और चालकों की समय-समय पर समीक्षा की जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी प्रकार की लापरवाही दोबारा न हो. पथरिया. नगर के नवनियुक्त नाम निर्दिष्ट पार्षदों एल्डरमैन के शपथ ग्रहण समारोह में केंद्रीय मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं क्षेत्रीय विधायक धरमलाल कौशिक शनिवार को नगर पहुंच रहे है. इसकी तैयारियां पूरी हो चुकी है. दोपहर तीन बजे मंगल भवन में नवनियुक्त एल्डरमैन उमेश यादव, नरेंद्र गुप्ता और गंगा राम साहू को शपथ दिलाई जाएगी. उपरोक्त जानकारी नगर पंचायत अध्यक्ष हुलसी रघु वैष्णव, उपाध्यक्ष मनोज पांडेय एवं रघु वैष्णव ने दी है. बिलासपुर. सरकंडा थाना क्षेत्र में मारपीट में शामिल 4 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों में विवाद के बाद चिंगराजपारा शराब भट्ठी के पास मारपीट की थी. घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया. जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी विकास यादव, मानव ध्रुव, राहुल गोंड़ और ज्ञान सिंह गोंड़ को गिरफ्तार कर लिया. रिकॉर्ड चेक करने पर पता चला कि सभी आदतन बदमाश हैं. इनके खिलाफ पहले से बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामले दर्ज हैं. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है. बिलासपुर. सकरी क्षेत्र के विंध्यासर में स्थित घोंघा नदी के एनीकट में डूबने से एक मिस्त्री मौत हो गई. सकरी पुलिस के अनुसार विंध्यासर का रहने वाला हेतराम साहू उर्फ मुकेश 38 वर्ष राजमिस्त्री का काम करता है. वह गुरूवार की शाम घोंघा नदी पर स्थित एनीकट को पार कर रहा था, उसी दौरान पानी के तेज बहाव में बह गया. मौजूद लोगों ने सकरी पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने एसडीआरएफ की टीम के साथ उसकी तलाश शुरू की. और दो घंटे की मेहतन के बाद उसका शव पानी से निकला गया. सकरी पुलिस ने मर्ग कायम कर शव पोस्टमार्टम के पश्चात परिजनों को सौंप दिया. कोरबा. मेरे बेटे ने आत्महत्या नही की, उसकी हत्या हुई है. बेटे का एक रिश्तेदार की बेटी से प्रेम संबंध था. मैं शादी का प्रस्ताव लेकर उनके घर गई थी, लेकिन उन्होंने न सिर्फ रिश्ते को ठुकराया, बल्कि लगातार धमकी देना शुरू कर दिया. युवती अपनी मां के साथ मेरे घर आई थी. उन्होंने एक वकील को बुलाने की बात कहते हुए सबक सिखाने की धमकी दी, जिससे मेरा बेटा बुरी तरह घबराया हुआ था. वह उसी दिन काम के नाम पर निकला, लेकिन घर नहीं लौटा. उसके अंतिम संस्कार के समय युवती के पिता ने हत्या की बात भी कहीं थी.यह सनसनीखेज आरोप उरगा थानांतर्गत ग्राम कनबेरी में रहने वाली मृतक शंकर रोहिदास की बूढ़ी मां नीराबाई रोहिदास ने लगाई है. दरअसल नीरा बाई शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची थी. उसने बताया कि उसका पुत्र शंकर 17 जून को काम में जाने के नाम पर निकला, इसके बाद नहीं लौटा. उसकी मोबाइल की घंटी बज रही थी, लेकिन रिसिव नहीं हो रहा था. जिसकी सूचना पुलिस को दी गई. पुलिस लोकेशन के आधार पर दो दिन बाद गांव से करीब 100 मीटर दूर पहुंची, जहां परसा पेड़ की डाली में शंकर का शव लटकते मिला था. उसके शरीर में चोट के निशान थे. कपड़े में भी जगह-जगह निशान थे. इसके अलावा कुछ अन्य लक्षण भी मिले थे, जो हत्या कर शव लटकाए जाने की ओर इशारा कर रहे थे. उसने बताया कि उसके पुत्र शंकर का एक रिश्तेदार की बेटी से प्रेम संबंध था. वह रिश्तेदार के घर बेटे की शादी का प्रस्ताव लेकर पहुंची थी, लेकिन उन्होंने रिश्ते को ठुकरा दिया. इसके बाद से ही युवती और उसके परिजन बेटे को परेशान कर रहे थे. 16 जून की सुबह भी युवती अपनी मां के साथ घर आई थी. उन्होंने गाली गलौच करते हुए जान से मरवा देने की धमकी दी. साथ ही तिरथ नामक वकील को बुलवाने की बात कहते हुए सबक सिखाने की धमकी दे रहे थे. जिससे शंकर बुरी तरह भयभीत था. अंतिम संस्कार के दूसरे दिन भाई व युवती के पिता के बीच बहस हुई थी. इस दौरान युवती के पिता ने हत्या की बात स्वीकारते हुए धमकी दी थी. उसका कहना है कि शंकर की मौत से पहले भी उसे बाइक सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने अगवा करने की कोशिश की थी. मृतक की मां ने पुलिस अधीक्षक के नाम शिकायत पत्र सौंपते हुए निष्पक्ष जांच व आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. जांच में लेट लतीफी, आरोपी को बचाने का आरोपघटना को एक माह से अधिक का समय बीत चुका है, इसके बाद भी जांच आगे नहीं बढ़ी है, जिससे पुलिस पर भी आरोपी को बचाने का आरोप लगने लगा है. नीरा बाई का कहना है कि पुलिस ने शव का निरीक्षण किया. इस दौरान बेटे के शरीर में निशान मिले थे. जिससे पुलिस ने भी मामले को संदिग्ध बताया था, लेकिन अब तक किसी तरह की कार्रवाई नहीं की गई. हालांकि उरगा पुलिस ने आरोप को सिरे से खारिज कर दिया है. पुलिस का कहना है कि प्रेम प्रसंग संबंधी कोई भी जानकारी परिजनों ने नहीं दी थी. तखतपुर. नगर में अमृत मिशन के तहत वार्ड 1 से 15 तक की गई खुदाई के बाद कंक्रीट न होने से पूरा नगर कीचड़ में डूब गया है.बरसात के कारण सड़कों पर 1-1 फीट तक कीचड़ जमा है, जिससे आमजन के साथ-साथ स्कूल आने-जाने वाले छोटे बच्चों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. भाजपा पार्षदों ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी और अमृत मिशन के ठेकेदार व कर्मचारियों को बुलाकर इस लापरवाही पर कड़ी नाराजगी जताई. पार्षदों ने कहा कि अधूरे गड्ढे और कीचड़ के कारण रोजाना लोगों के वाहन फंस रहे हैं, पैदल चलना मुश्किल है और बच्चे गिरकर चोटिल हो रहे हैं. किसी भी समय बड़ी दुर्घटना घट सकती है. इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष कोमल सिंह ठाकुर ने कहा कि अमृत मिशन जनता की सुविधा के लिए है, लेकिन तखतपुर में यह अभिशाप बन गया है. 15 वार्डों में खुदाई करके ठेकेदार ने काम अधूरा छोड़ दिया. स्कूल जाने वाले छोटे-छोटे बच्चे कीचड़ में फिसलकर गिर रहे हैं. उनके कपड़े और किताबें खराब हो रही हैं. प्रशासन आंख मूंदकर बैठा है. हम मांग करते हैं कि जल्द से जल्द सभी जगह कंक्रीट का काम पूरा किया जाए, वरना भाजपा पार्षद जनता के साथ सड़क पर उतरेंगे. वार्ड 1 से 15 तक अमृत मिशन के सभी गड्ढों में तत्काल कंक्रीट एवं मरम्मत कार्य पूर्ण किया जाए. स्कूल मार्गों और मुख्य सड़कों से कीचड़ हटाकर आवागमन सुगम बनाया जाए. लापरवाह ठेकेदार पर कार्रवाई कर तय समय में काम पूरा कराया जाए. पार्षदों ने कहा कि बच्चों और आमजन की सुरक्षा सर्वोपरि है. यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो भाजपा उग्र आंदोलन करेगी. इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष कोमल सिंह ठाकुर, पार्षद अंकित अग्रवाल, कैलाश देवांगन, सुरेश देवांगन, सुनील आहूजा, इस्लाम अंसारी सहित अन्य भाजपा पार्षद उपस्थित रहे. बिलासपुर. जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा 25 जुलाई को शाम 5 बजे नीट एवं सीबीएसई परीक्षा में कथित अनियमितताओं तथा छात्रों पर राज्य मशीनरी द्वारा किए गए दमनात्मक अत्याचारों के विरोध में विशाल कैंडल मार्च एवं सत्याग्रह आयोजित किया जाएगा. जिला ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री एवं जिला कांग्रेस कमेटी शहर के अध्यक्ष सिद्धांशू मिश्रा के नेतृत्व में यह कैंडल मार्च तिलक नगर स्थित कांग्रेस भवन से प्रारंभ होकर नेहरू चौक, राजेंद्र नगर चौक होते हुए अंबेडकर चौक तक निकाला जाएगा. इसमें पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकताअरं, छात्र-युवा संगठनों से शामिल होकर लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराने की अपील की है. जांजगीर-चांपा. पूर्व सैनिक कल्याण संघ जांजगीर-चाम्पा द्वारा 28 वें कारगिल विजय दिवस के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है. इस अवसर पर कारगिल युद्ध में अदम्य साहस, शौर्य एवं पराक्रम का परिचय देकर मातृभूमि की रक्षा करने वाले अमर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी तथा पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों का सम्मान किया जाएगा. कार्यक्रम के अंतर्गत रविवार 26 जुलाई को शाम 4.30 बजे कलेक्टरेट परिसर जांजगीर से बाइक रैली निकाली जाएगी, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी. इसके पश्चात शाम 6 बजे शहीद स्मारक, कचहरी चौक, जांजगीर में श्रद्धांजलि एवं सम्मान समारोह आयोजित होगा. पूर्व सैनिक कल्याण संघ ने जिले के सभी नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, युवाओं एवं राष्ट्रप्रेमियों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर वीर शहीदों के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करने और कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है.

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version