राष्ट्रवाणी (रायपुर ब्यूरो): प्रतिनिधि, बिलासपुर। शुक्रवार की सुबह से हो रही तेज झड़ी ने शहर की रफ्तार थाम दी है। सुबह से जारी जबरदस्त बारिश के चलते लोग घरों में रहने को मजबूर हैं।
सड़कों पर आवाजाही कम हो गई है, गलियों में पानी भर गया है और मौसम में ठंडक घुल गई है। मौसम विभाग की आकस्मिक वर्षा रिपोर्ट में जिले की सभी तहसीलों की स्थिति सामने आई है। बिलासपुर जिले की 12 तहसीलों में कुल 17.3 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि औसत 1.4 मिमी रहा।
बिल्हा में सर्वाधिक 5.8 मिमी और बिलासपुर में 5.6 मिमी वर्षा रिकॉर्ड हुई। सीपत में 2.7 और सकरी में 2.0 मिमी वर्षा हुई। मस्तूरी में 0.5, बेलगहना में 0.3, बोदरी और रतनपुर में 0.2-0.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
वहीं तखतपुर, कोटा, बेलतरा और पचपेड़ी में वर्षा शून्य रही। बिलासपुर जिले की वर्षा रिपोर्ट में सबसे अधिक बिल्हा 5.8 मिमी और बिलासपुर 5.6 मिमी के साथ आगे रहे। सीपत 2.7, सकरी 2.0, मस्तूरी 0.5, बेलगहना 0.3, बोदरी और रतनपुर 0.2-0.2 मिमी पर रहे।
तखतपुर, कोटा, बेलतरा और पचपेड़ी में एक बूंद भी दर्ज नहीं हुई। कुल योग 17.3 मिमी और औसत 1.4 मिमी रहा। यह रिपोर्ट सुबह 8 बजे तक की है, झड़ी अब भी जारी है।
दूसरी ओर, भारत मौसम विज्ञान विभाग के मौसम केंद्र रायपुर ने भारी वर्षा की येलो वार्निंग जारी की है। अगले 24 घंटे में बलरामपुर, जांजगीर-चांपा, जशपुर, रायगढ़, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़ तथा सरगुजा जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। अगले 48 घंटे के लिए बलरामपुर जिले में भी चेतावनी दी गई है।
लगातार बदलते मौसम ने लोगों को सतर्क रहने का संकेत दिया है। मौसम विभाग ने भारी वर्षा के संभावित प्रभावों को लेकर भी आगाह किया है। सड़कों पर फिसलन बढ़ने से यातायात प्रभावित हो सकता है और प्रमुख शहरों में यात्रा का समय बढ़ सकता है।
भारी वर्षा से दृश्यता घटने की आशंका है। निचले इलाकों में जलभराव हो सकता है। नहरों एवं बाढ़ संभावित निचले पुलों को पार करने से बचें।
खेतों में जलजमाव की स्थिति पर भी नजर रखें।

