राष्ट्रवाणी (बिलासपुर ब्यूरो): प्रतिनिधि, शिवरीनारायण : सड़क किनारे स्थित घरों और दुकानों में घुसकर खुद को किन्नर बताने और आशीर्वाद देने के नाम पर लोगों को डराकर रुपये वसूलने वाले गिरोह का शिवरीनारायण पुलिस ने राजफाश किया है। पुलिस ने मामले में दो महिलाओं सहित तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
आरोपित 11 हजार रुपये की मांग करते थे और रकम नहीं देने पर दुकान बंद होने तथा परिवार बर्बाद होने का श्राप देने की धमकी देते थे। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 1450 रुपये नकद बरामद किए हैं। साथ ही वारदात में इस्तेमाल आटो को जब्त किया है।
शिवरीनारायण थाना प्रभारी केपी सिंह ने बताया कि ग्राम मेहंदी निवासी बृजेश कुमार घृतलहरे ने 19 नवंबर को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी गुंजन घृतलहरे घर के सामने ब्यूटी पार्लर संचालित करती हैं। घटना के दिन दोपहर करीब 12:50 बजे ऑटो से दो महिलाएं और एक पुरुष वहां पहुंचे।
आटो चालक बाहर ही बैठा रहा, जबकि दोनों महिलाएं जबरन पार्लर में घुस गईं। उन्होंने खुद को किन्नर बताते हुए आशीर्वाद देने के नाम पर 11 हजार रुपये मांगे। रुपये नहीं देने पर दुकान बंद होने और परिवार बर्बाद होने का श्राप देने की धमकी दी।
भयभीत होकर गुंजन ने दराज से 1100 रुपये निकालकर उन्हें दे दिए। इसके बाद दोनों महिलाएं ऑटो में बैठकर राहौद की ओर फरार हो गईं। दवाई बेचने के बहाने भी करते थे वसूली शिकायत मिलते ही पुलिस ने राहौद पुलिस सहायता केंद्र की मदद से संदिग्ध आटो को रुकवाया।
पूछताछ में आरोपितों की पहचान रोहित कुमार यादव (33), निवासी आदर्श नगर सिरगिट्टी, जिला बिलासपुर, अंजली सौरा (22) और संतोषी सौरा (50), निवासी मिनीमाता भाठापारा, जिला बलौदाबाजार के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे आटो से घूम-घूमकर सड़क किनारे स्थित घरों और दुकानों में जाते थे।
दवाई बेचने के बहाने लोगों को डराकर रुपये वसूलते थे। बिलासपुर से आते समय रास्ते में की थी एक घर से वसूली दोनों महिलाएं घरों और दुकानों में प्रवेश कर श्राप देने की धमकी देती थीं, जबकि आटो चालक बाहर इंतजार करता था। आरोपितों ने बिलासपुर से आते समय रास्ते में एक अन्य घर से भी 350 रुपये वसूलना स्वीकार किया।
पुलिस के अनुसार वसूली गई रकम में से प्रतिदिन आटो चालक को 1500 रुपये दिए जाते थे। पुलिस ने आरोपितों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर 1450 रुपये नकद बरामद कर ऑटो जब्त किया। तीनों आरोपितों को 20 नवंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

