राष्ट्रवाणी: अमित पाण्डेय, खैरागढ़। डोंगरगढ़-खैरागढ़ के जंगलों में एक बार फिर तेंदुए की धमक से लोगों में दहशत है। खैरागढ़ वन मंडल के ग्राम करेला-भंडारपुर स्थित मां भवानी मंदिर के पास तेंदुआ दिखाई देने की खबर सामने आई है। राहगीरों और मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं ने तेंदुए को अपने मोबाइल कैमरे में कैद किया, जिसके बाद तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। तेंदुआ मंदिर के आसपास जंगल की ओर जाता दिखाई दिया। मां भवानी मंदिर में श्रद्धालुओं की आवाजाही रहती है, ऐसे में मंदिर के पास तेंदुआ दिखने की खबर से लोगों में चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस इलाके में पहले भी कई बार तेंदुआ देखा जा चुका है। ढारा डैम, मां भवानी मंदिर और भंडारपुर के जंगलों में लंबे समय से तेंदुए की मौजूदगी की चर्चा सामने आती रही है। खास बात यह है कि डोंगरगढ़ के सुदर्शन गिरी पहाड़ से पहले पकड़े गए एक तेंदुए को इसी वन क्षेत्र के जंगल में छोड़े जाने की बात भी सामने आई थी। इसके बाद इस पूरे इलाके में तेंदुए की लगातार आवाजाही देखे जाने की चर्चाएं होती रही हैं। हालांकि करेला में अभी दिखाई दिए तेंदुए को उसी पुराने तेंदुए से जोड़कर नहीं देखा जा सकता। इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वन विभाग की निगरानी और तेंदुए की पहचान के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि यह वही तेंदुआ है या कोई दूसरा वन्यजीव। मामले को लेकर खैरागढ़ वन मंडल के डीएफओ पंकज राजपूत ने तेंदुआ दिखाई देने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि वन विभाग की टीम लगातार तेंदुए पर नजर रख रही है। इलाके में सुरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से निगरानी की जा रही है, ताकि तेंदुए की वजह से किसी भी व्यक्ति को नुकसान न पहुंचे। वन विभाग की टीम इलाके में तेंदुए की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है। लोगों से भी जंगल और मंदिर के आसपास अनावश्यक रूप से जाने से बचने तथा तेंदुआ दिखाई देने पर उसके करीब नहीं जाने की अपील की जा रही है। फिलहाल तेंदुए की मौजूदगी से करेला-भंडारपुर और आसपास के गांवों में हलचल बढ़ गई है। लोगों की नजर अब वन विभाग की निगरानी पर है। सबसे अहम बात यह है कि जंगल से निकलकर मंदिर और इंसानी आवाजाही वाले इलाके तक पहुंचे तेंदुए की गतिविधि पर विभाग किस तरह नजर रखता है, ताकि इंसान और वन्यजीव दोनों सुरक्षित रहें।

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version