राष्ट्रवाणी (सूरजपुर ब्यूरो): न्यूज, चांदनी बिहारपुर: सूरजपुर जिले के चांदनी-बिहारपुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत कछिया से जुड़े शासकीय प्राथमिक शाला के निलंबित प्रधान पाठक सुरज बहादुर सिंह ने अपने निलंबन को नियम विरुद्ध बताते हुए बहाली की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी सूरजपुर को लिखित आवेदन सौंपकर निलंबन समाप्त करने और मूल शाला में पुनः पदस्थ करने का आग्रह किया है।
प्रधान पाठक सुरज बहादुर सिंह के अनुसार, उन्हें 10 अक्टूबर को निलंबित किया गया था। उनका आरोप है कि जिस घटना को निलंबन का आधार बनाया गया, उस दिन वे विद्यालय में उपस्थित थे और नियमित रूप से बच्चों को अध्यापन करा रहे थे। इसके बावजूद एक अन्य शिक्षक की शिकायत के आधार पर उनके विरुद्ध कार्रवाई कर दी गई।
शिक्षक ने आवेदन में गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि है कि निलंबन से पहले उन्हें कोई कारण बताओ नोटिस जारी नहीं किया गया। न ही आरोपों के संबंध में उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया और न ही निष्पक्ष जांच कराई गई। उनका कहना है कि बिना पूर्व सूचना, सुनवाई और जांच के सीधे निलंबन की कार्रवाई किया जाना उचित नहीं है।
उन्होंने यह भी बताया कि निलंबन के बाद भी उन्होंने विभागीय निर्देशों का पालन किया और निर्धारित मुख्यालय में अपनी उपस्थिति बनाए रखी। वे स्वयं को निर्दोष बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने के लिए तैयार हैं। निलंबन के कारण उन्हें मानसिक और आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रधान पाठक ने जिला शिक्षा अधिकारी से आवेदन पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए उन्हें तत्काल निलंबन से बहाल करने तथा मूल विद्यालय में पदस्थ करने की मांग की है। उनका कहना है कि इस कार्रवाई से उन्हें व्यक्तिगत परेशानी हो रही है, वहीं विद्यालय में बच्चों की पढ़ाई पर भी असर पड़ सकता है।
शिक्षक ने अपने दावे के समर्थन में विद्यालय की उपस्थिति से संबंधित अभिलेख सहित अन्य दस्तावेज भी आवेदन के साथ संलग्न किए हैं।

