एशियन गेम्स 2026 में युवा खिलाड़ियों का जलवा लगातार देखने को मिल रहा है। जापान में जारी खेलों में चीन की महज 13 वर्षीय तैराक यू जिडी ने ऐसा प्रदर्शन किया है, जिसने खेल जगत का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। वहीं भारत के 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी भी क्रिकेट में अपनी तूफानी बल्लेबाजी से नया इतिहास रचने की तैयारी में हैं।
यू जिडी ने महिला 200 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। अगले महीने 14 साल की होने जा रहीं जिडी ने यह रेस महज 2 मिनट 05.08 सेकंड में पूरी की। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने तीन साल पहले हांग्जो एशियन गेम्स में चीन की झांग युफेई द्वारा बनाए गए 2 मिनट 05.57 सेकंड के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया।
जिडी ने अपनी हमवतन चांग मोहन को 3.36 सेकंड के बड़े अंतर से पछाड़कर स्वर्ण पदक जीता। एशियन गेम्स में यह उनकी पहली बड़ी व्यक्तिगत उपलब्धि है। इतनी कम उम्र में रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन के बाद सोशल मीडिया पर भी यू जिडी की जमकर चर्चा हो रही है।
अब क्रिकेट के मैदान पर भारत की उम्मीदें 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी से जुड़ी हैं। युवा बल्लेबाज अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए पहले ही पहचान बना चुके हैं। हाल ही में उन्होंने सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड पीछे छोड़ते हुए भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बनने की उपलब्धि हासिल की।
एशियन गेम्स 2026 में यू जिडी ने बता दिया है कि उम्र सिर्फ एक आंकड़ा है। अब निगाहें वैभव सूर्यवंशी पर हैं कि क्या वह बल्ले से इसी युवा जोश को रिकॉर्ड में बदल पाते हैं।
