राष्ट्रवाणी: बापू के विचार हमें न सिर्फ हर मुश्किल से लड़ने की प्रेरणा देते हैं, बल्कि समाज को एक बेहतर और शांतिपूर्ण जगह बनाने में भी मार्गदर्शन करते हैं। गांधी जयंती पर अपनों को भेजें बापू के ये अनमोल विचार (Image Source: एआई-Generated) जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली।
भारत के इतिहास में 2 अक्टूबर का दिन एक बेहद खास मुकाम रखता है। जी हां, इसी दिन साल 1869 में गुजरात के पोरबंदर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का जन्म हुआ था। पूरे देश में इस दिन को एक बड़े राष्ट्रीय पर्व के तौर पर मनाया जाता है, जहां स्कूल-कॉलेज से लेकर सरकारी दफ्तरों तक में लोग अपने प्रिय ‘बापू’ को याद करते हैं।
गांधी जी के संघर्ष की शुरुआत दक्षिण अफ्रीका में रंगभेद का विरोध करने के साथ हुई थी, जिसने आगे चलकर भारत की आजादी के आंदोलन की शक्ल ले ली। दांडी मार्च हो, चंपारण का सत्याग्रह, असहयोग आंदोलन या फिर ‘भारत छोड़ो’ का नारा- बापू ने हर कदम पर देश का नेतृत्व किया। उनकी सबसे बड़ी खूबी यही थी कि उन्होंने दुनिया की सबसे ताकतवर अंग्रेजी हुकूमत को बिना कोई हथियार उठाए, सिर्फ सत्य और अहिंसा की ताकत से घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया।
चाहे पुरानी पीढ़ी हो या आज के ‘Gen Z’, महात्मा गांधी के विचार हर किसी की जिंदगी में सटीक बैठते हैं। उनका जीवन बेहद सादा था, लेकिन उनके सिद्धांतों- सत्य, स्वदेशी, समानता और इंसानियत ने पूरी दुनिया पर अपनी गहरी छाप छोड़ी। बापू का जीवन हमें यह सिखाता है कि अगर इंसान के अंदर दृढ़ इच्छाशक्ति हो, तो बड़े से बड़े अन्याय और मुश्किल को आसानी से पार किया जा सकता है।
राष्ट्रपिता के विचारों को अपनाकर कोई भी इंसान अपने जीवन को बेहतर बना सकता है। आइए बापू की कुछ ऐसी सीखों पर नजर डालते हैं, जो कभी हार नहीं मानने देतीं: आप दुनिया में जो भी बदलाव देखना चाहते हैं, उसकी शुरुआत सबसे पहले अपने आप से करें। एक शांत और विनम्र तरीके से भी आप पूरी दुनिया को हिलाने की ताकत रखते हैं।
अहिंसा कायरों का नहीं, बल्कि बहादुरों का गहना है। ‘आंख के बदले आंख’ की सोच एक दिन पूरी दुनिया को अंधा बना देगी। जीवन ऐसे जिएं जैसे कल ही आखिरी दिन हो, लेकिन चीजें ऐसे सीखें जैसे आपको हमेशा जीवित रहना है।
इंसान की असली ताकत उसके शरीर की बनावट में नहीं, बल्कि उसकी कभी न टूटने वाली इच्छाशक्ति में बसती है। पाप से नफरत करें, पापी से नहीं। किसी को माफ कर देना मजबूत लोगों की निशानी होती है, कमजोरों की नहीं।
खुद की तलाश करने का सबसे बेहतरीन तरीका यही है कि अपना जीवन दूसरों की सेवा में लगा दें। इंसान अपने विचारों से ही आकार लेता है, वह जैसा सोचता है, भविष्य में वैसा ही बन जाता है। इस धरती के पास इंसान की जरूरतें पूरी करने के लिए पर्याप्त संसाधन हैं, लेकिन उसके लालच को भरने के लिए कुछ भी नहीं।
उस आजादी का कोई मोल नहीं है, जिसमें आपको गलतियां करने और उनसे सीखने की छूट न मिले।
