राष्ट्रवाणी: प्रतिनिधि, बिलासपुर। सिटी डिस्पेंसरी से गांधी चौक और मधुबन मोड़ तक गुरुवार दोपहर करीब आधे घंटे तक एक महिला के लाठी-पत्थर लेकर सड़क पर दौड़ने से दहशत फैल गई। उसने रास्ते में 15 से ज्यादा मोटरसाइकिलें गिरा दीं, कार का शीशा तोड़ दिया और राहगीरों पर पत्थर फेंकते हुए लोगों को लाठी लेकर दौड़ाया।
महिला करीब 3 बजे सिटी डिस्पेंसरी की तरफ से गांधी चौक पहुंची। रास्ते में सड़क किनारे खड़ी बाइकों को लाठी से मारकर और धक्का देकर गिराती रही। इससे 15 से ज्यादा बाइकों को नुकसान पहुंचा।
गांधी चौक पर उसने सड़क किनारे खड़ी कार पर पत्थर मारकर उसका शीशा तोड़ दिया। इसके बाद आसपास के लोगों पर भी पत्थर फेंकने लगी। लोग बचकर निकलते रहे और दुकानदार भी डरे रहे।
गांधी चौक से महिला सेजेस मल्टीपरपज स्कूल की तरफ बढ़ी। रास्ते में आने-जाने वाले लोगों को लाठी लेकर दौड़ाती रही। स्कूल के बाहर सड़क किनारे लगे फल के ठेले को पलट दिया, जिससे फल सड़क पर बिखर गए।
इसके बाद वह मधुबन मोड़ तक पहुंची। इस दौरान रास्ते में बाइक और दूसरे वाहनों पर लाठी से हमला करती रही। मधुबन मोड़ पहुंचने के बाद महिला फिर गांधी चौक की तरफ लौट आई।
यहां भी वह लाठी लेकर लोगों को दौड़ाती रही। करीब आधे घंटे तक चले इस घटनाक्रम से गांधी चौक और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा। सेजेस मल्टीपरपज स्कूल में इन दिनों तिमाही परीक्षाएं चल रही हैं।
बच्चों की छुट्टी शाम करीब 4 बजे होती है। घटना करीब 3 बजे हुई। ऐसे में अगर महिला का हंगामा एक घंटे बाद होता तो परीक्षा देकर स्कूल से निकलने वाले बच्चे भी इसकी चपेट में आ सकते थे।
इससे बड़ा हादसा हो सकता था। जूना बिलासपुर के रहने वाले और सराफा कारोबारी रौनक साव ने हिम्मत दिखाई। उन्होंने महिला को पकड़ लिया और आसपास के लोगों की मदद से उसके हाथ-पैर बांधकर उसे सड़क किनारे बैठा दिया।
रौनक ने लोगों से महिला के साथ मारपीट नहीं करने और पुलिस को सूचना देने की अपील की। फिर पुलिस मौके पर पहुंची। सीएसपी कोतवाली गगन कुमार ने बताया कि डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और महिला को थाने लेकर आई।
महिला अपना नाम-पता साफ नहीं बता पा रही थी। उसकी पहचान और परिवार की जानकारी जुटाने की कोशिश की जा रही है। बाद में महिला को वन स्टॉप सेंटर भेज दिया गया।

