राष्ट्रवाणी: प्रतिनिधि, कोरबा: मिशन रोड निवासी एक परिवार के पालतू तोते के पिंजरे में बुधवार सुबह करीब 6:30 बजे पांच फीट लंबा नाग घुस गया। परिवार के सदस्य जब तोते को देखने पहुंचे तो पिंजरे के भीतर नाग को फन फैलाए देखकर उनके होश उड़ गए। जांच करने पर पता चला कि नाग एक तोते का शिकार कर चुका था।
पिंजरे में मौजूद दूसरे तोते को लेकर भी परिवार के सदस्य चिंतित हो गए। घटना की सूचना मिलते ही परिवार ने वन्यजीव बचाव दल नोवा नेचर के प्रमुख जितेंद्र सारथी को जानकारी दी। उन्होंने टीम के सदस्य बाबी श्रीवास को मौके पर भेजा।
टीम ने सावधानीपूर्वक नाग को पिंजरे से बाहर निकालकर सुरक्षित रेस्क्यू किया। इस दौरान नाग के शरीर पर संघर्ष के कारण चोट के निशान भी दिखाई दिए। उसे रेस्क्यू बैग में रखने के बाद सुरक्षित रूप से प्राकृतिक रहवास क्षेत्र में छोड़ दिया गया।
परिवार ने पालतू तोते को लंबे समय से अपने परिवार के सदस्य की तरह पाल रखा था। इसलिए उसकी मौत से परिवार को गहरा दुख हुआ। हालांकि, दूसरे तोते को सुरक्षित बचा लिए जाने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली।
वन्यजीव बचाव दल के प्रमुख जितेंद्र सारथी ने कहा कि तोते की मौत का दुख परिवार के लिए स्वाभाविक है, लेकिन सांप को इसके लिए दोषी नहीं ठहराया जा सकता। यह घटना प्रकृति की खाद्य शृंखला का हिस्सा है। उन्होंने लोगों से वन्यजीवों के प्रति संवेदनशील रहने और सांप दिखाई देने पर खुद पकड़ने के बजाय विशेषज्ञों को सूचना देने की अपील की।
