राष्ट्रवाणी: प्रतिनिधि, कोरबा। जिले के पाली थाना क्षेत्र के ग्राम नुनेरा में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। अलगू तालाब में नहाने गई तीन मासूम बच्चियों की डूबने से मौत हो गई।

मृतकों की पहचान 7 वर्षीय इंदु अगरिया, 8 वर्षीय राखी और 8 वर्षीय साधना के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया है। जानकारी के अनुसार इंदु अगरिया पिता दुर्जन सात वर्ष, राखी पिता मलखम आठ वर्ष और साधना पिता सुखसिंह आठ वर्ष एक ही बस्ती की रहने वाली थीं।

तीनों आपस में सहेलियां थीं। बताया गया कि गुरुवार को तीनों स्कूल नहीं गई थीं और घर पर ही थीं। दोपहर के समय तीनों नहाने के लिए गांव के अलगू तालाब में चली गईं।

उस दौरान तालाब के पास कोई मौजूद नहीं था। काफी देर तक जब बच्चियां घर वापस नहीं लौटीं तो परिजनों को चिंता हुई। स्वजन और ग्रामीण उन्हें खोजते हुए तालाब की ओर पहुंचे।

तालाब के किनारे तीनों बच्चियों के कपड़े और चप्पल पड़े मिले। इसी दौरान एक ग्रामीण की नजर तालाब के पानी में तैर रहे शव पर पड़ी, जिसकी पहचान इंदु अगरिया के रूप में हुई। इसके बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना पर पाली थाना प्रभारी मनोज कौशिक पुलिस स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और ग्रामीणों ने तालाब में उतरकर अन्य दो बच्चियों की तलाश शुरू की। घंटों की मशक्कत के बाद राखी और साधना के शव भी बरामद कर लिए गए।

एक साथ तीन बच्चियों की मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर तीनों शवों का पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

प्रारंभिक जांच में डूबने से मौत की बात सामने आई है। पुलिस घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है।

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version