राष्ट्रवाणी: सुरेश परतागिरी, बीजापुर। भोपालपट्टनम विकासखंड के रुद्रारम स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय में छात्राओं से बैड टच के मामले में सीएम साय के निर्देश के बाद कलेक्टर ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्राचार्य को पद से हटा दिया है। जांच प्रभावित न हो, इसलिए प्राचार्य का प्रभार वाइस प्राचार्य को सौंपा गया है।
इस मामले में कंप्यूटर शिक्षक के खिलाफ POCSO एक्ट के तहत प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज हो चुकी है। आरोपी शिक्षक फिलहाल फरार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के संज्ञान और कलेक्टर-एसपी को जांच के निर्देश के बाद प्रशासन ने तेजी से कार्रवाई की है।
अब प्राचार्य की भूमिका और पूर्व शिकायतों को लेकर भी जांच आगे बढ़ेगी। बता दें कि एकलव्य स्कूल में कथित छेड़छाड़ के मामले में सात छात्राओं ने एक साथ बीजापुर कलेक्टर विश्वदीप के समक्ष शिकायत की थी। इस पर कलेक्टर ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को मामले की जांच के निर्देश दिए।वहीं रविवार को मामले की जानकारी मुख्यमंत्री विष्णु देव साय तक पहुंचने के बाद उन्होंने कलेक्टर को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि मामले में जल्द कार्रवाई की जाए और दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा न जाए।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद पुलिस ने भी मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए शिकायत के आधार पर भोपालपट्टनम थाने में आरोपी शिक्षक देवेंद्र दय्या के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं पॉक्सो अधिनियम, 2012 की सुसंगत धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार प्रकरण में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
मामले की जांच जारी है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
