राष्ट्रवाणी: बस्तर/मनेन्द्रगढ़/दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ में सड़क हादसे कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। इसी कड़ी में तीन जिलों में सोमवार-मंगलावर को हुए सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। बस्तर में डंपर ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई और मनेन्द्रगढ़ में कार की टक्कर से गिरी महिला को विद्युत विभाग की गाड़ी ने कुचल दिया, तो वही दंतेवाड़ा में ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गई। जगदलपुर। बस्तर जिले के जगदलपुर-चित्रकोट मुख्य मार्ग पर सोमवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। बड़ांजी थाना क्षेत्र के अंतर्गत छापर भानपुरी के पास तेज रफ्तार टिप्पर ने पीछे से एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार दोनों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक सवार अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे, तभी पीछे से तेज गति से आ रहे टिप्पर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर चोटों के कारण मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही बड़ांजी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज डिमरापाल, जगदलपुर भिजवाया। मृतकों की पहचान छापर भानपुरी निवासी पीलाराम कश्यप और जीरो राम के रूप में हुई है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही टिप्पर और उसके चालक की तलाश की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। बड़ाजी थाना प्रभारी राजेश राठौर ने बताया कि करमगुड़ा प्राथमिक स्कूल के पास अज्ञात वाहन ने छापर भानपुरी निवासी पिलाराम कश्यप (28) और उसके साथ बाइक पर सवार जीरो कश्यप (31) को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया मनेन्द्रगढ़। शहर के कॉलेज रोड पर एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ सड़क पार कर रही एक महिला दोहरे हादसे का शिकार हो गई। पहले एक ओमनी कार ने महिला को ठोकर मारी, जिससे वह सड़क पर गिर गई। इसके ठीक बाद पीछे से आ रहे विद्युत विभाग के एक वाहन ने सड़क पर गिरी महिला को बेरहमी से कुचल दिया। इस भीषण हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। सीसीटीवी में कैद हुई रोंगटे खड़े करने वाली घटना यह पूरी घटना कॉलेज रोड पर लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि महिला सामान्य रूप से सड़क के किनारे खड़ी कर थी, तभी अचानक ओमनी कार ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। कार कि ठोकर से महिला सड़क के किनारे जा गिरी। इससे पहले कि आस-पास के लोग कुछ समझ पाते या महिला खुद को संभाल पाती, पीछे से आ रहे बिजली विभाग के वाहन का पहिया उसे कुचलता हुआ निकल गया। परिजनों में कोहराम घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से लहूलुहान हालत में महिला को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने और गंभीर चोटों के कारण महिला ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही मृतका के परिजनों में कोहराम मच गया है और अस्पताल परिसर में चीख-पुकार मच गई। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहीहादसे की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस ने घटनास्थल के आस-पास के सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है। थाना प्रभारी के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों वाहनों के नंबर ट्रैक करने की कोशिश की जा रही है। लापरवाही से वाहन चलाकर जान लेने के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है । दंतेवाड़ा से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां सातधार–नकुलनार मार्ग पर मसेनार के पास बीती देर रात एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा रात करीब 12 बजे हुआ। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन ट्रेलर पलटने से मार्ग पर करीब डेढ़ से दो घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। बताया जा रहा है कि ट्रेलर बेंगलुरु से बचेली की ओर जा रहा था और उसमें नमदक का भारी कन्वेयर बेल्ट लोड था। हादसे के बाद यह बेल्ट सड़क पर गिर गया, जिससे मार्ग पूरी तरह जाम हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तत्काल यातायात व्यवस्था संभालते हुए मार्ग को बहाल करने की कार्रवाई शुरू की। मंगलवार सुबह हाइड्रा मशीन की मदद से पलटे हुए ट्रेलर और सड़क पर गिरे कन्वेयर बेल्ट को हटाया गया, जिसके बाद यातायात फिर से सुचारु रूप से शुरू हो सका।

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version