राष्ट्रवाणी: आशुतोष तिवारी, जगदलपुर। लंबे अरसे से अपने कायाकल्प का इंतजार कर रहे शहर के सबसे पुराने पार्कों में से एक शहीद पार्क की दशा बदलने वाली है। महापौर संजय पांडे ने नगर निगम के अधिकारियों के साथ पार्क का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को सुविधाओं में सुधार के साथ-साथ विस्तार के निर्देश दिए हैं।
शहर के हृदय स्थल में स्थित शहीद पार्क में एक समय लोगों की चहल-पहल से गुलजार रहा करता था, लेकिन समय के साथ पार्क की तस्वीर बदल गई। बच्चों के लिए चलाई जाने वाली रेल गाड़ी की जगह टॉय ट्रेन ने ले ली, लेकिन वह भी बदहाल हो गया। पार्क के आस-पास बेतरतीब निर्माण होने के कारण ड्रेनेज सिस्टम ने भी दम तोड़ दिया है, अब हल्की बारिश में ही पार्क के अंदर पानी भर जाता है।
बच्चों के लिए लगाए गए झूलों की मरम्मत नहीं होने से बदहाल है। नगर निगम ने पूर्व में यहां ओपन जिम शुरू किया था, लेकिन वह भी उपेक्षित नजर आने लगा। पार्क में हर दिन हजारों की संख्या में लोग वॉक करने पहुंचते हैं, लेकिन लोगों के लिए यहां पर्याप्त शौचालय की भी सुविधा उपलब्ध नहीं है।
लेकिन अब महापौर संजय पांडे ने शहीद पार्क की तस्वीर बदलने का दावा किया है। निगम अधिकारियों के साथ निरीक्षण के दौरान महापौर ने शहीद पार्क में महिलाओं के लिए डीलक्स स्तर का पिंक टॉयलेट और पुरुषों के लिए अलग टॉयलेट का निर्माण करने का ऐलान किया। पार्क के सामने की मौजूदा बाउंड्रीवॉल को तोड़कर उसके स्थान पर नई और आकर्षक बाउंड्रीवॉल बनाने का भी ऐलान किया है।
इसके अलावा प्रवेश द्वार एवं सुरक्षा कक्ष को भी बेहतर स्वरूप देने के साथ लैंडस्केपिंग और उद्यानिकी के कार्य किए जाएंगे।
