राष्ट्रवाणी: प्रतिनिधि, रायपुर। गणेश उत्सव के दौरान शहर के अलग-अलग इलाकों में सजे गणेश पंडालों में दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसके चलते शाम से रात तक कई प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ सकता है।

इसे देखते हुए यातायात पुलिस ने शहरवासियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने लोगों से भीड़ वाले मार्गों पर अनावश्यक आवागमन से बचने और जरूरत के अनुसार वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करने की अपील की है। यातायात पुलिस के अनुसार गणेश उत्सव के दौरान हरदेव लाला मंदिर, टिकरापारा एवं झूलेलाल चौक, नहरपारा, प्रभात टाकीज चौक, पुरानी बस्ती थाना से लाखेनगर चौक, सुंदर नगर से लाखेनगर चौक, तेलीबांधा नाका से राठौर चौक और राठौर चौक से रामसागरपारा मार्ग पर यातायात प्रभावित हो सकता है।

इसी तरह बाजार चौक मटवा-मंदिर के पास, रायपुरा बाजार-किराया भंडार के पास तथा महादेव घाट रोड-शीतला मंदिर के पास भी श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने से वाहनों की गति प्रभावित होने की संभावना है। गणेश पंडालों के आसपास श्रद्धालुओं के पैदल पहुंचने के साथ बड़ी संख्या में दोपहिया और चारपहिया वाहन भी पहुंचते हैं।

ऐसे में सड़क किनारे वाहन खड़े होने से मार्ग की चौड़ाई कम हो जाती है और यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है। पुलिस ने श्रद्धालुओं से पंडाल के सामने या सड़क पर वाहन खड़ा नहीं करने कहा है। उपलब्ध या निर्धारित पार्किंग स्थल का उपयोग करने की अपील की गई है।

पुलिस ने वाहन चालकों से कहा है कि जिन मार्गों पर गणेश पंडालों के कारण भीड़ अधिक हो, वहां अनावश्यक रूप से जाने से बचें। जरूरी होने पर वैकल्पिक मार्ग से गंतव्य तक पहुंचें। इससे भीड़ वाले मार्ग पर वाहनों का दबाव कम होगा और दूसरे हिस्सों में भी यातायात सुचारू रखने में मदद मिलेगी।

गणेश उत्सव के दौरान भीड़ के बीच सबसे महत्वपूर्ण बात आपातकालीन वाहनों के लिए रास्ता खुला रखना है। यातायात पुलिस ने लोगों से एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और पुलिस वाहनों के आवागमन में किसी तरह की बाधा नहीं डालने की अपील की है। सड़क पर वाहन रोककर श्रद्धालुओं की भीड़ जमा करने से भी बचने कहा गया है।

मौके पर तैनात यातायात पुलिसकर्मियों के निर्देश और यातायात डायवर्जन व्यवस्था का पालन करने की अपील की गई है।

राष्ट्रवाणी एक डिजिटल समाचार एवं जनचर्चा मंच है, जिसका उद्देश्य विश्वसनीय पत्रकारिता, सार्थक राष्ट्रीय विमर्श और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली तरीके से समाज के सामने प्रस्तुत करना है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक सोच विकसित करने का दायित्व भी है। “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्रवाणी देश, समाज, शासन, अर्थव्यवस्था, कृषि, तकनीक, संस्कृति और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को गहराई और तथ्यात्मक दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करता है।

संपादक : नीरज दीवान

मोबाइल नंबर : 7024799009

© 2026 ThemeSphere. Designed by ThemeSphere.
Exit mobile version